Blog

विधायक देवेंद्र ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, खुर्सीपार की बच्ची के मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग

पीड़ित बच्ची को जल्द न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए निष्पक्ष व प्रभावी पैरवी जरूरी : देवेंद्र यादव

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने खुर्सीपार भिलाई में एक छोटी बच्ची के साथ हुई गंभीर घटना के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए योग्य एवं अनुभवी विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि पीड़ित पक्ष को जल्द न्याय मिल सके और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जा सके।

विधायक देवेंद्र यादव ने अपने पत्र में कहा है कि खुर्सीपार में बच्ची के साथ हुई गंभीर और संवेदनशील घटना ने पूरे भिलाई क्षेत्र के नागरिकों और परिवारों में आक्रोश एवं चिंता पैदा की है। इस तरह की घटनाएं समाज और कानून-व्यवस्था के प्रति भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को न्याय दिलाना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मामले में निष्पक्ष और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे पीड़ित पक्ष को शीघ्र न्याय मिल सके और दोषियों को विधि के अनुसार कठोर दंड दिलाया जा सके। देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए अनुभवी विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति की जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में प्रभावी पैरवी हो सके।

आर्थिक सहायता के लिए भी लिखा पत्र

विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री को एक अन्य पत्र लिखकर इसी घटना के पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से विशेष मुआवजा राशि प्रदान करने का आग्रह भी किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण पीड़ित परिवार को गहरे दुख और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे कठिन समय में परिवार को आर्थिक सहायता मिलना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए राहत कोष से उचित आर्थिक सहायता स्वीकृत की जाए, ताकि परिवार को इस मुश्किल समय में कुछ राहत मिल सके।

Oct 26 247

The post विधायक देवेंद्र ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, खुर्सीपार की बच्ची के मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button