भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पदुम नगर में युवक की हत्या से सनसनी फैल गई है। युवक की लाश लहूलुहान हालत में मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान मुक्ता सिनेमा के पास अटल आवास निवासी हितलेश कुमार मारकंडे पिता उधो मारकंडे ( 37) के रूप में की गई है। मृतक भिलाई – चरोदा नगर निगम में प्लेसमेंट पर सफाई कर्मचारी था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने पदुम नगर में श्रीराम सिटी आवासीय परिसर के पीछे खाली प्लाट पर खून से सनी लाश देखी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एएसपी शहर सुखनंदन राठौर, सीएसपी छावनी हरीश पाटिल और भिलाई-3 थाना प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह भारद्वाज दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर में फारेंसिक टीम ने भी पहुंचकर लाश और घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया। तब तक मृतक की पहचान मुक्ता सिनेमा के पास अटल आवास भिलाई-3 निवासी कमलेश कुमार मारकंडे के द्वारा अपने भाई हितलेश कुमार मारकंडे के रूप में की जा चुकी थी।

शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान
जिस जगह पर हितलेश की लाश मिली है वह हाल ही में डेवलप हो रहा है। वहां दूर दूर तक खाली प्लॉट हैं और मकान भी काफी दूरी पर हैं। मृतक हितलेश के शरीर पर लोवर है। ऊपर का बदन बिना कपड़े का था। उसके गले में किसी तेजधार हथियार से चार बार वार किए जाने का निशान है। फोरेंसिक टीम को गले में कांच का टूकड़ा मिला है इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बोतल को तोड़कर वार किया गया। शरीर पर चार जगहों पर वार के निशान मिले हैं।

निगम में प्लेसमेंट पर काम करता था मृतक
मृतक हितलेश के संबंध में बताया जा रहा है कि वि नगर निगम भिलाई-चरोदा में प्लेसमेंट पर पदस्थ था और सफाई का काम करता था। मृतक के भाई कमलेश के मुताबिक दो दिन पहले हितलेश का किसी लड़की के चलते पत्नी के साथ विवाद हुआ था। जिसके बाद से वह परेशान नजर आ रहा था। इधर इस पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। साथी आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।
The post Breaking News : भिलाई तीन में निगम के सफाई कर्मी की हत्या, लहूलुहान हालत में मिली लाश… जांच में जुटी पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.