सुबह चेहरे पर फिटकरी कैसे लगाएं?
How to Apply Alum on Face in Morning: हम सभी सुबह उठने के बाद चेहरा धोते हैं। ज्यादातर लोग चेहरा धोने के लिए महंगे फेस वॉश, क्लींजर या साबुन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, इनमें केमिकल होते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में आप सुबह चेहरा साफ करने के लिए कुछ घरेलू उपायों का इस्तेमाल कर सकते हैं। फिटकरी भी एक ऐसा ही घरेलू उपाय है, जो त्वचा के लिए फायदेमंद होता है। फिटकरी में एंटी-सेप्टिक, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो त्वचा से जुड़ी कई समस्याओं को दूर करते हैं। फिटकरी में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण, मुंहासे पैदा करने वाले बैक्टीरिया को नष्ट करते हैं। फिटकरी दाग-धब्बों और ब्लैकहेड्स को भी रिमूव करती है। इसलिए आप रोज सुबह चेहरे पर फिटकरी लगा सकते हैं। आइए, जानते हैं सुबह चेहरे पर फिटकरी कैसे लगाएं
फिटकरी और गुलाब जल
आप सुबह फिटकरी में गुलाब जल मिक्स करके चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास में गुलाब जल लें। इसमें फिटकरी का टुकड़ा डालें और फिर इसे पिघलने दें। अब इस पानी को कॉटन पैड की मदद से चेहरे पर लगाएं। अच्छी तरह से क्लींजिंग करें। इसके बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें। फिटकरी और गुलाब जल के मिश्रण को सभी स्किन टाइप के लोग इस्तेमाल कर सकते हैं। गुलाब जल स्किन को पूरे दिन फ्रेश रखेगा। इससे आपको नेचुरल ग्लो भी मिलेगा।
फिटकरी और एलोवेरा जेल
आप फिटकरी में एलोवेरा जेल मिलाकर भी सुबह चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप 1 चम्मच फिटकरी पाउडर लें। इसमें एलोवेरा जेल मिक्स करें और इसे चेहरे पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद चेहरे को नॉर्मल पानी से धो लें। एलोवेरा में एंटीऑक्सीडेंट्स गुण होते हैं, जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। एलोवेरा त्वचा के दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाता है। यह त्वचा को ठंडक भी पहुंचाता है। इससे त्वचा की जलन और इरिटेशन कम होती है।
फिटकरी और मुल्तानी मिट्टी
अगर आपकी ऑयली स्किन है, तो आप फिटकरी और मुल्तानी मिट्टी को सुबह चेहरे पर लगा सकते हैं। आप 2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें। इसमें आधी चम्मच फिटकरी और गुलाब जल मिक्स करें। अब इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट के लिए छोड़ दें। मुल्तानी मिट्टी त्वचा से एक्स्ट्रा तेल को सोखती है। मुल्तानी मिट्टी मुंहासों और दाग-धब्बों को मिटाने में भी असरदार होती है। आप रोज सुबह चेहरे पर इस पेस्ट को लगा सकते हैं।
फिटकरी और आलू का रस
दाग-धब्बे मिटाने के लिए आप फिटकरी में आलू का रस मिलाकर सुबह चेहरे पर लगा सकते हैं। आलू के रस में नेचुरल ब्लीचिंग गुण होते हैं, जो दाग-धब्बों को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप आधा चम्मच फिटकरी का पाउडर लें। इसमें थोड़ा-सा आलू का रस और गुलाब जल मिलाएं। अब इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें। इससे त्वचा के डेड स्किन सेल्स रिमूव होंगे। आलू का रस ब्लैकहेड्स और डार्क सर्कल्स को भी रिमूव करता है।
फिटकरी और नींबू का रस
आप फिटकरी में नींबू का रस मिक्स करके भी सुबह चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप फिटकरी का पाउडर लें और इसमें नींबू का रस मिलाएं। आप इसमें थोड़ा-सा गुलाब जल भी मिला सकते हैं। 10-15 मिनट बाद चेहरे को नॉर्मल पानी से धो लें। नींबू के रस में साइट्रिक एसिड होता है, जो दाग-धब्बों और पिग्मेंटेशन को कम करने में मदद करता है। बेहतर रिजल्ट के लिए इस पेस्ट को आप कुछ दिनों तक रोज सुबह अप्लाई कर सकते हैं।