छत्तीसगढ़

जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं’

जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं’
’अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश’ नवंबर 2026// कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम आमगांव मिरीपारा निवासी श्री कचरू ने वर्ष 1962-63 के अधिकार अभिलेख एवं मिसल रिकॉर्ड के आधार पर पैतृक भूमि में हुई लिपिकीय त्रुटि के सुधार, मौखिक बंटवारे के अनुसार वास्तविक कब्जे की निष्पक्ष जांच, नामांतरण, सीमांकन एवं नक्शा सुधार के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं वार्ड क्रमांक 15 डूमरतराई के वार्डवासियों ने खड़ीबहार प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग रखी।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत कोंगेरा के सरपंच ने नारायणपुर से धौड़ाई तक सीसी सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति के कारण आम नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही लौह अयस्क खदान के प्रस्तावित क्षेत्र में शामिल किए जाने तथा संबंधित राशि दिलाए जाने के संबंध में भी आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम कोडोली निवासी सरिता नेगी ने नारायणपुर स्थित विद्या एजुकेशन इंस्टीट्यूट द्वारा वर्ष 2023 के डीसीए पाठ्यक्रम का डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय का प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराने तथा मानसिक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम पंचायत मेटानार, जनपद पंचायत ओरछा के सरपंच ने ग्राम ताहकाडोंड में सोलर ड्यूल पंप स्थापित करने तथा मिट्टी-मुरूम सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पालकी-बिंजली मुख्य मार्ग पर ब्रेकर निर्माण तथा पुल-पुलिया निर्माण से संबंधित समस्याओं को भी कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा जनसमस्याओं के निराकरण के लिए विभागीय स्तर पर त्वरित पहल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें। आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button