देश दुनिया

गुरुग्राम में डांडिया गरबा ने परिवारों को जोड़ा, नवरात्र की शाम बनी यादगार

गुरुग्राम। शाम के छह बजते ही संगीत की धुनें गूंजने लगती हैं। हाथों में डांडिया, चेहरे पर मुस्कान और कदमों में गजब का उत्साह। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागी तैयार हैं।

जैसे ही गरबा की लय तेज होती है, कदम थिरकने लगते हैं। डांडिया की खनक के साथ तालियां गूंजती हैं और पूरा परिसर उत्सव के रंग में डूब जाता है। शनिवार शाम सेक्टर-82 स्थित आरएल इंटरनेशनल स्कूल में कुछ ऐसा ही नजारा दिखाई दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा गो सेवा आयोग के पूर्व वाइस चेयरमैन पूरन यादव लोहचब ने कहा कि भारतीय त्योहार सामाजिक समरसता और आपसी मेल-मिलाप का संदेश देते हैं।

मानेसर नगर निगम के मनोनीत पार्षद व गांव वजीरपुर के पूर्व सरपंच शेर सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन परिवारों को एक साथ आने और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

तरुण और डा. अपूर्वा को बेस्ट ड्रेस कपल का मिला पुरस्कार

डांडिया की थाप के बीच प्रतिभागियों की वेशभूषा भी आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान, साज-सज्जा और उत्सवी अंदाज ने आयोजन स्थल की रौनक बढ़ा दी। हर कोई अपने अंदाज में नवरात्र की खुशियां मनाता नजर आया।

किसी के कदम गरबा की लय से मेल खाते दिखे तो किसी की वेशभूषा ने लोगों का ध्यान खींचा। मंच पर सजे सांस्कृतिक माहौल ने भारतीय परंपराओं की खूबसूरती को जीवंत कर दिया।

आयोजन में आकर्षक परिधानों के लिए पुरस्कार भी दिए गए। बेस्ट ड्रेस श्रेणी में श्रीतिक शेखर को सम्मानित किया गया। वहीं, बेस्ट ड्रेस कपल का पुरस्कार तरुण शेखर और डा. अपूर्वा आनंद को मिला। पुरस्कारों की घोषणा के साथ प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया।

सहयोगियों ने भी बढ़ाया उत्साह

आयोजन में आर्वी हेल्थकेयर, सेक्टर-90 की निदेशक डा. रेनू और डा. विक्रम सिंह यादव ने हेल्थ पार्टनर के रूप में सहयोग दिया। वहीं, रूफ बिल्डर एंड डेवलपर के निदेशक लोकेश गिडवानी और राइजोनिक रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रमन ग्रोवर रियल्टी पार्टनर के रूप में जुड़े।

इस मौके पर आरएल इंटरनेशनल स्कूल के वाइस चेयरमैन प्रियांक गुप्ता, प्रिंसिपल संदीप चौहान, मंथन जन सेवा समिति के अध्यक्ष आरपी सिंह चौहान एवं विश्व हिंदू परिषद मानेसर विभाग के मंत्री देवेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button