*तेज बारिश के बाद नगर पालिका कवर्धा ने संभाली जल निकासी व्यवस्था*
*जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचकर जेसीबी से कराई पानी निकासी, सफाई कार्य भी जारी*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। तेज बारिश के बाद नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई। नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की।
तेज बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में सड़कों एवं निचले क्षेत्रों में पानी जमा हो गया था। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका द्वारा आवश्यक स्थानों पर जेसीबी की मदद से नालियों एवं जल निकासी मार्ग को व्यवस्थित कराया गया, जिससे जमा पानी की निकासी हो सके और नागरिकों को राहत मिली। बारिश के दौरान सड़कों पर बहकर आई गंदगी, कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को भी नगर पालिका की सफाई टीम द्वारा हटाया गया। सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर आवागमन को सुचारू बनाने की कार्रवाई की गई।
नगर पालिका परिषद द्वारा बारिश के बाद जलभराव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर पालिका की टीम को आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि नालियों एवं जल निकासी मार्गों में कचरा न डालें तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।





