*सेवा की कहानी लेता मूर्त रूप: मेरी बेटी मेरा अभिमान, स्कूली छात्राओं के लिए बन रहा सर्वसुविधा युक्त बालिका शौचालय*
*विकसित भारत जी राम जी योजना से जिले के 327 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं को मिलेगी बालिका शौचालय की सुविधा*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। सेवा ही संकल्प का उद्देश्य लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और रोजगार के साथ स्थाई परिस्थितियों का निर्माण कराने केंद्र सरकार द्वारा अनेकों जन कल्याणकारी योजना चलाई जा रही हैं। विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण अंतर्गत कबीरधाम जिले के 327 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं में बालिका शौचालय का निर्माण हो रहा है। प्रत्येक बालिका शौचालय की लागत 4 लाख 30 हजार रुपए निर्धारित की गई है तथा इसमें ग्रामीणों को बडी संख्या में रोजगार भी मिल रहा है। निर्माण कार्य पूरे जिले में तेज गति से चल रहा है।बालिका शौचालय के निर्माण कार्य को मूर्त रूप लेता देख स्थानीय लोग शासन द्वारा दिए गए इस महत्वपूर्ण सुविधाओं के लिए धन्यवाद दे रहे हैं।
जब बेटी पढ़ती है तो उसके साथ पूरा परिवार शिक्षित होता है-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाया जाना है। इसके लिए जरूरी है कि सभी ग्राम पंचायतो में सुविधाओं का विस्तार हो तथा देश के निर्माण में समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इसी उद्देश्य के लिए बालिका शौचालय के निर्माण द्वारा ग्रामीण बच्चियों के लिए उनके स्कूल में सर्व सुविधायुक्त एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। मेरी बेटी मेरा अभिमान सिर्फ एक वाक्य नहीं है बल्कि ग्रामीण बच्चियों को ऐसा माहौल एवं परिवेश देना है जिससे कि वह शिक्षा से जुड़कर शिक्षित समाज की नींव रख सके। कहा जाता है कि जब बेटी पढ़ती है तो वह पूरे परिवार को पढ़ाकर भविष्य गढ़ती है।
सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई ना हो बाधित इसलिए बालिका शौचालय का हो रहा निर्माण-सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल
जिला पंचायत सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी कबीरधाम के द्वारा शौचालय विहीन प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं की सूची प्रस्तुत की गई है। इसके आधार पर ग्रामीणों की मांग एवं आवश्यकता अनुसार बालिका शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। स्कूलों में सुविधाओं के अभाव में बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित न हो इसलिए प्राथमिकता पर यहां काम हो रहा है। वर्तमान में जिले के 327 विभिन्न स्कूलों में निर्माण कार्य प्रगति पर है। सभी बालिका शौचालय को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने मैदानी कर्मचारी लगातार प्रयास कर रहे हैं तथा अपने क्षेत्र का भ्रमण कर निर्माण कार्य को पूरा करा रहे हैं।
जिले में हो रहे बालिका शौचालय निर्माण की स्थिति पर एक नजर
जनपद पंचायत कवर्धा में 86, जनपद पंचायत बोड़ला में 90,जनपद पंचायत स. लोहारा में 30 एवं जनपद पंचायत पंडरिया में 121 सहित कुल 327 बालिका शौचालय का निर्माण कार्य 14 करोड़ 17 लाख 40 हजार रुपए की लागत से स्वीकृत किया गया है। इस कार्य में 1 करोड़ 89 लाख 14 हजार रुपए मजदूरी पर खर्च होगा जिसमें स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी मात्रा में रोजगार मिलेगा। 63046 मानव दिवस का रोजगार ग्रामीणों को मिलने से एक निर्माण कार्य के अनेक फायदे होंगे। स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के साथ बालिकाओं को स्वच्छ एवं सुविधा युक्त शौचालय की सुविधा मिलेगी।




