*कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने अपर कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर को दी विदाई*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री संदीप कुमार ठाकुर के रायपुर विकास प्राधिकरण में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर स्थानांतरण होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने श्री संदीप कुमार ठाकुर को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनको उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने कबीरधाम जिले में नवपदस्थ संयुक्त कलेक्टर श्री अमित नाथ योगी, श्री महेश सिंह राजपूत एवं डिप्टी कलेक्टर श्री संजय मरकाम का स्वागत किया और उन्हें जिले में सौंपे गए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्री संदीप कुमार ठाकुर ने 21 नवंबर 2022 को संयुक्त कलेक्टर के रूप में कबीरधाम जिले में पदभार ग्रहण किया था। उन्होंने 30 सितंबर 2026 तक जिले में विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया। विदाई समारोह में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों एवं प्रशासनिक योगदान को स्मरण करते हुए अधिकारियों ने उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है। श्री ठाकुर ने कबीरधाम जिले में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने श्री ठाकुर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर विकास प्राधिकरण में भी वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता से बेहतर योगदान देंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने भी श्री संदीप कुमार ठाकुर के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उनके आगामी दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में उनके अनुभव और सहयोग का लाभ जिले को मिला है।
अपर कलेक्टर श्री संदीप कुमार ठाकुर ने अपने विदाई उद्बोधन में कहा कि कबीरधाम जिले में उनका कार्यकाल बहुत बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि जिले में कार्य करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ, जिसे वे सदैव याद रखेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, श्री रामप्रसाद आचला सहित जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





