कबीरधाम: चाहे देश हो, प्रदेश हो या कोई गांव हो उसकी पहली पहचान नाम से होती है. अगर नाम अजीब हो तो उसे बताने में लोगों को झिझक जरूर होती है. इसी के चलते कबीरधाम जिले के एक छोटे से गांव का नाम अब बदल गया है. पहले यह गांव चंडालपुर के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसका नया और आधिकारिक नाम चंदनपुर हो गया है. राज्य सरकार द्वारा राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद यह बदलाव लागू हो गया.
पुराने नाम से होती थी परेशानी
नाम बदलने की खबर मिलते ही पूरे चंदनपुर गांव में खुशी फैल गई. बुजुर्ग, युवा और बच्चे सबके चेहरे पर मुस्कान और संतोष साफ नजर आया. ग्रामीणों का कहना है कि पुराने नाम की वजह से उन्हें कई बार शर्मिंदगी और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ती थी. पढ़ाई, नौकरी या अन्य काम से जब वे बाहर जाते थे और गांव का नाम बताते थे, तो लोग मज़ाक उड़ाते थे. इससे उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचती थी.
नए नाम से बढ़ा आत्मविश्वास
अब चंदनपुर नाम मिलने से गांववासियों में नया आत्मविश्वास आया है. उनका कहना है कि यह नाम सकारात्मक सोच, सम्मान और अच्छी पहचान का प्रतीक है. आने वाली पीढ़ियों को भी इस नाम पर गर्व महसूस होगा.ग्रामीणों ने इस फैसले के लिए क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया है. उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने शासन स्तर पर पहल की और गांव को नई पहचान दिलाई.
आत्मसम्मान की जीत बना चंदनपुर
आज चंदनपुर सिर्फ एक नया नाम नहीं, बल्कि सामाजिक सोच में आए बदलाव और आत्मसम्मान की जीत का प्रतीक बन गया है. यही वजह है कि गांव का हर घर और हर चेहरा आज खुश नजर आ रहा है.

अब ग्रामीण यहां कुछ जरूरी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं उनका कहना है कि नाम बदलने के साथ गांव की तस्वीर भी बदल जाए.




