Blog

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बीएसएफ ने निकाली तिरंगा रैली, पौधरोपण व नशा मुक्ति का दिया संदेश

भिलाई। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया), बीएसएफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में विभिन्न जन-जागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा नशा मुक्ति का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसएफ के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर दशहरा मैदान, रिसाली सेक्टर से रजनीकांत चौक आजाद मार्केट तक भव्य तिरंगा रैली निकाली।

हाथों में तिरंगा लेकर निकली इस रैली में बड़ी संख्या में बी०एस०एफ कार्मिकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए आमजन को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में सेक्टर-8, भिलाई नगर में स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं बीएसएफ कार्मिकों की सहभागिता से वृहद पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों एवं बीएसएफ के जवानों ने मिलकर पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

Aug 26 165

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत आमजन के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता पर्चों/पैम्फलेट का वितरण किया गया। लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, नशे से होने वाली सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

युवाओं को विशेष रूप से नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाया। हर घर तिरंगा, हरित भारत और नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों ने राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

The post हर घर तिरंगा अभियान के तहत बीएसएफ ने निकाली तिरंगा रैली, पौधरोपण व नशा मुक्ति का दिया संदेश appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button