दुर्ग: छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ की ओर से, 2 दिवसीय किसान मेला का आयोजन, दुर्ग के कुम्हारी में 30 और 31 जनवरी को किया जाएगा. इस मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शामिल होंगे. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ कैबिनेट मंत्री भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
दुर्ग के कुम्हारी में 30 और 31 जनवरी को किसान सम्मलेन
कुम्हारी के रामपुर चोरहा में 2 दिवसीय किसान सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर जारी है. किसान सम्मेलन में प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी किसान शामिल होंगे. मेले के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पर जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा. वहीं किसान मेला में विभाग के द्वारा स्टॉल भी लगाया जाएगा. किसान मेले के जरिए किसानों को खेती किसानी के लिए जागरुक करना और उन्नत तकनीकों से वाकिफ कराना भी मकसद है.
छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ ने किया है आयोजन
छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के सचिव भूपेन्द्र दुबे ने बताया की छत्तीसगढ़ के कृषकों को उन्नत बनाने के लिए प्रतिवर्ष किसान मेले का आयोजन किया जाता है. इस मेले में तरह-तरह स्टॉल भी लगाए जाते हैं, जिसमें हाइब्रिड बीज, खेती में उपयोग होने वाली दवाइयां, अगल-अलग प्रकार की कृषि मशीनों और औजार की प्रदर्शनी भी लगाई जाती है. किसानों को उन मशीनों के काम और औजारों के इस्तेमाल की भी विधि बताई जाती हैइस बार किसान संघ केंद्रीय कृषि मंत्री से कार्गो प्लेन सुविधा की मांग करने जा रहा है. ताकि दुर्ग भिलाई रायपुर के आसपास के क्षेत्रों से होने वाले उत्पादों को कम समय में देश के अन्य राज्यों तक भेजा जा सके. आपको बता दे कि पिछले वर्ष किसान सम्मलेन में अयोध्या के लिए किसान संघ ने 2 ट्रक सब्जी भिजवाया था जिसे केंद्रीय कृषि मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था.





