Blog

आयुष विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में संजय अग्रवाल ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दुर्ग। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने दुर्ग के रुआबाँधा में आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ पहली बार समीक्षा बैठक कर विभागीय गतिविधियों, वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आयुष सेवाओं को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक आयुर्वेद एवं योग की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान संजय अग्रवाल ने विभाग के अधिकारियों से उनके कार्यानुभव, सुझावों एवं जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आयुष संस्थानों में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की वास्तविक सफलता उसकी योजनाओं और व्यवस्थाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचने से सुनिश्चित होती है। इसलिए आवश्यक है कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय के साथ काम किया जाए।

आयुष विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर
आयुष विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयुर्वेद एवं आयुष पद्धतियां हमारी प्राचीन और समृद्ध चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। आज के समय में इन पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास और जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। इसके लिए उपचार सुविधाओं में सुधार, आमजन के बीच प्रचार-प्रसार तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साथ ही विभागीय नियमों एवं व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार को लेकर भी सकारात्मक सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।

संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में ज्ञान, अनुशासन और सही दिशा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बिना शास्त्र के शस्त्र का ज्ञान खतरनाक हो सकता है। इसलिए किसी भी कार्य को आगे बढ़ाने के लिए उसके मूल ज्ञान, सिद्धांतों और उद्देश्य को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता उसकी होती है जिसका प्रदर्शन होता है, लेकिन जिसकी परंपरा केवल दर्शन तक सीमित हो, वह अपनी वास्तविक क्षमता को सामने नहीं ला पाती। योग हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा है, इसे केवल मंचों और आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

बैठक में युवतियों एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रदेश में 1800 योग शिक्षकों की भर्ती तथा योग शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इन विषयों को प्रदेश में योग एवं आयुष सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।

2007

उन्होंने कहा कि योग और आयुष केवल स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाएं नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार भी हैं। प्रदेश के दूरस्थ, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तक इनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वित प्रयास करने होंगे। विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए नियमित समीक्षा और जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रभावी निगरानी भी आवश्यक है।

संजय अग्रवाल ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने अनुभवों और सुझावों के आधार पर विभाग को नई दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प आयुष एवं योग की समृद्ध परंपरा को जन-जन तक पहुंचाना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और छत्तीसगढ़ को स्वस्थ, सशक्त एवं योगमय प्रदेश बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करना है।

बैठक में आयुष विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे तथा विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण सुझावों एवं प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

The post आयुष विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में संजय अग्रवाल ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button