*
*थाना सिटी कोतवाली कवर्धा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।*
*पुलिस भर्ती में निर्धारित हाईट में छूट दिलाने का झांसा देकर 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाला फरार आरोपी 2 साल बाद अंबिकापुर से पकड़ा गया*
*पुलिस भर्ती में हाईट कम होने पर छूट दिलाने के नाम पर प्रार्थिया से ऑनलाइन एवं नगद राशि लेने के मामले का कबीरधाम पुलिस ने किया खुलासा।*
कबीरधाम जिले में धोखाधड़ी एवं अन्य आर्थिक अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कवर्धा पुलिस द्वारा पुलिस भर्ती में निर्धारित शारीरिक ऊंचाई (हाईट) में छूट दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थिया कुमारी निर्मला साहू, निवासी फुलवारी चौक कवर्धा, वर्तमान निवासी चांदनी बिहारपुर, जिला सूरजपुर द्वारा दिनांक- 21.07.2024 को थाना कवर्धा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपी चंदन टोप्पो द्वारा दिनांक- 05.02.2024 से 17.02.2024 के मध्य पुलिस भर्ती में निर्धारित हाईट में छूट दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन एवं नगद माध्यम से कुल 30,000/- रुपये प्राप्त किए गए, लेकिन प्रार्थिया को किसी प्रकार की छूट नहीं दिलाई गई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक- 482/2024, धारा 420 भा.द.वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी चंदन टोप्पो पिता कमील टोप्पो, उम्र 37 वर्ष, निवासी गौवधनपुर, वसुंधरा कॉलोनी, मकान नंबर 20, अंबिकापुर, स्थायी निवासी बांधपारा, करसी, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर को अंबिकापुर से पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए प्रार्थिया के बैंक खाते में 30,000/- रुपये एवं 5,700/- रुपये की ली गई राशि वापस करना बताया गया। आरोपी के विरुद्ध माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अर्नेश कुमार विरुद्ध बिहार राज्य एवं अन्य, क्रिमिनल अपील क्रमांक 1270/2014, निर्णय दिनांक 02.07.2014 में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वैधानिक कार्यवाही की गई है।
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से *”अपील”* करती है कि पुलिस भर्ती अथवा किसी भी शासकीय नौकरी में चयन, शारीरिक मापदंडों में छूट दिलाने या नियुक्ति कराने का दावा करने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी व्यक्ति को नौकरी दिलाने अथवा नियमों के विरुद्ध लाभ दिलाने के नाम पर पैसे न दें। इस प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं।





