*नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं ने लिया संकल्प*
*‘नशामुक्त युवा–सशक्त राष्ट्र’ की थीम पर आस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक*
कवर्धा, नवंबर 2026। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने और युवाओं को सामाजिक बदलाव का वाहक बनाने के उद्देश्य से माय भारत, कबीरधाम द्वारा शासकीय हाई स्कूल छीरबांधा, विकासखंड सहसपुर लोहारा में आस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा–सशक्त राष्ट्र’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने नशे से दूर रहने और अपने परिवार, गांव एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारियों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी पर चर्चा की गई। युवाओं को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने अपने विचार साझा करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। साथ ही अपने परिवार, गांव और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई। शिक्षकों ने भी युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री गणेश नेताम, सामाजिक कार्यकर्ता श्री भजनदास, ग्राम पंचायत छीरबांधा के सचिव श्री मोहित राम पटेल, विद्यालय के प्राचार्य श्री जगदीश साहू एवं श्री सुरेन्द्र उइके अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय नेशनल यूथ वॉलिंटियर दानेश्वर पटेल, माय भारत कबीरधाम द्वारा किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संदेश रहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाएं, तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।





