Blog

कलेक्टर का फर्जी आदेश दिखाकर जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे बदमाश, एआई की मदद से बनाया लेटर

भिलाई। भट्ठी पुलिस द्वारा कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी एवं कूटरचित शासकीय आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय से जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुंचे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने AI की सहायता से फर्जी आदेश तैयार कर उसे वास्तविक शासकीय आदेश के रूप में प्रस्तुत किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर को प्रार्थी भोजराम रत्नाकर द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि जय कुमार आडिल एवं युगल किशोर शर्मा, दोनों आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-01 भिलाई पहुंचे थे। दोनों आरोपियों द्वारा वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जब्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया गया।

आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत आदेश के परीक्षण एवं सत्यापन के दौरान उक्त दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इस पर थाना भिलाई भट्ठी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं फर्जी आदेश की प्रति जब्त की गई। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सउनि पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र अथवा आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग से अवश्य करें। AI अथवा डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर फर्जी शासकीय दस्तावेज तैयार करना एवं उनका उपयोग करना दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

The post कलेक्टर का फर्जी आदेश दिखाकर जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे बदमाश, एआई की मदद से बनाया लेटर appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button