* *
*तरेगांव जंगल लूटकांड के फरार आरोपियों की सूचना देने अथवा गिरफ्तारी कराने वाले व्यक्ति को 10,000/- रुपये का नगद पुरस्कार।*
*पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने की उद्घोषणा, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान रखी जाएगी गोपनीय।*
कबीरधाम जिला के थाना तरेगांव जंगल क्षेत्रांतर्गत घटित लूट की गंभीर घटना में फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा हैं। प्रकरण में आरोपियों के संबंध में सूचना प्राप्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्रमांक 80-ए में निहित प्रावधानों के तहत 10,000/- रुपये के नगद पुरस्कार की उद्घोषणा की गई है।
दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में अज्ञात आरोपियों द्वारा दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रास्ते में रोककर डंडे एवं हाथ-मुक्के से मारपीट की गई तथा उसके पास मौजूद लगभग 15 ग्राम सोना, करीब 25 किलोग्राम चांदी एवं 1,50,000/- रुपये नगद लूटकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। उक्त घटना के संबंध में थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026, धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा उद्घोषणा की गई है कि प्रकरण के आरोपियों के संबंध में ऐसी विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति, जिसके आधार पर आरोपियों की विधिपूर्वक गिरफ्तारी संभव हो सके, अथवा आरोपियों को गिरफ्तार कराने में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 10,000/- रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक, जिला कबीरधाम का निर्णय अंतिम होगा।
आम नागरिकों से अपील है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त घटना अथवा फरार आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल निम्नलिखित दूरभाष नंबरों पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
*सूचना देने हेतु संपर्क नंबर :-*
*थाना तरेगांव जंगल – 94255-12507*
*पुलिस कंट्रोल रूम कबीरधाम – 07741-232844, 9479192499*
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपराधियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में सहयोग करें, ताकि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।




