रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 31 अक्तूबर से 4 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने समय-सारणी घोषित कर प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इस भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर से कुल 34604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। विभाग ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और उसमें दर्ज दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन तीन पालियों में करने का निर्णय लिया है। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित होगी। दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक तथा तीसरी पाली शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना आवश्यक है। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7:00 बजे, दूसरी पाली के लिए सुबह 11:00 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3:00 बजे से केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
भर्ती परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे राज्य में 24 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। राजधानी रायपुर और बिलासपुर में छह-छह केंद्र बनाए गए हैं, जबकि दुर्ग और भिलाई में चार-चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा बस्तर यानी जगदलपुर में दो केंद्र, जबकि सरगुजा और चांपा में एक-एक परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को उनके आवंटित केंद्र तथा समय की विस्तृत जानकारी प्रवेश पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ अपना मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचकर प्रवेश पत्र में उल्लिखित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
The post छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती के लिए 31 अक्तूबर से परीक्षा, प्रवेश पत्र जारी appeared first on ShreeKanchanpath.




