वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलट गई। इस हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई है। सभी की उम्र 6 से 15 साल के बीच बताई जा रही है। मरने वालों में 7 बच्चियां एक ही परिवार की थीं। बताया जा रहा है कि छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार थे, जो मत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे। हालांकि, नाव में सवार लोगों की सही संख्या का पता अभी नहीं चल पाया है। हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। राष्ट्रपति ने कहा कि वैशाली में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
पीएम मोदी ने शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। हादसे के बाद बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
The post बड़ा हादसा : बीच नदी नाव पलटने से एक ही परिवार की 7 बच्चियों सहित 13 बच्चों की मौत appeared first on ShreeKanchanpath.



