ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र-12 में प्रदेशभर के जिलाध्यक्षों, नव-नियुक्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
भोपाल । अपना दल (एस) मध्य प्रदेश द्वारा संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित डॉ. सोनेलाल पटेल स्मृति ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र-12 रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संगठन का विस्तार विषय पर आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र में प्रदेश के सभी जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ-साथ नव-नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र पाल ने पार्टी संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की सामाजिक न्याय की अवधारणा को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल की राजनीति का केंद्र समाज के वंचित, पिछड़े, शोषित और कमजोर वर्गों को न्याय, अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाना था। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि सामाजिक न्याय की इस विचारधारा को केवल राजनीतिक मंच तक सीमित न रखते हुए गांव, पंचायत, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए। संगठन की मजबूती के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को साथ जोड़ना और उनकी समस्याओं को समझकर उनके बीच लगातार संवाद स्थापित करना आवश्यक है।
राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने प्रदेश संगठन की गतिविधियों और पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत होता है और अपना दल (एस) का मूल अर्थ ही समाज के बीच जाकर अपनत्व, अधिकार और भागीदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने पदाधिकारियों को नियमित जनसंपर्क, सक्रिय कार्यकर्ता नेटवर्क और बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार करने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों को प्रत्येक जिले और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय सचिव काकला प्रसाद ने मध्य प्रदेश में संगठन को राजनीतिक रूप से मजबूत करने और सत्ता में भागीदारी के लक्ष्य की दिशा में आवश्यक रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसके लिए मजबूत संगठनात्मक ढांचा, अनुशासित कार्यकर्ता, निरंतर जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दों की प्रभावी समझ जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की नियमित गतिविधियां बढ़ाने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूती से रखने का आह्वान किया।
वहीं राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से संगठन विस्तार की कार्ययोजना और आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने संगठन को चरणबद्ध तरीके से बूथ स्तर तक ले जाने, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने, सदस्यता अभियान को डेटा आधारित तरीके से आगे बढ़ाने तथा नियमित समीक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के लिए योजना, जिम्मेदारी, संवाद और निरंतर समीक्षा चार महत्वपूर्ण आधार हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने प्रदेशभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जिला स्तर की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों के बीच विस्तृत संवाद हुआ। कार्यक्रम के समापन पर पदाधिकारियों ने संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार की प्रक्रिया को लगातार गति दे रहा है। पार्टी नेतृत्व के अनुसार प्रदेश में जमीनी संगठन को मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी संगठनात्मक शक्ति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी की जा रही है।
The post संगठन विस्तार की रणनीति पर मंथन, अपना दल (एस) ने तेज की 2028 की तैयारी appeared first on ShreeKanchanpath.


