*सेवा संकल्प शिविर में राशनकार्ड से जुड़ी सेवाओं का मिला लाभ*
*बोड़ला में खाद्य विभाग के शिविर में 100 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, ई-केवायसी, आधार इनरोलमेंट एवं मोबाइल सीडिंग की सुविधा*
कवर्धा, सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कबीरधाम जिले के नगर पंचायत बोड़ला में खाद्य विभाग द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ शासन की ओर से प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम, रायपुर श्री भोस्कर विलास संदीपन उपस्थित रहे। शिविर में राशनकार्ड हितग्राहियों को विभागीय सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया तथा शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में राशनकार्ड की ई-केवायसी, आधार इनरोलमेंट एवं मोबाइल सीडिंग से संबंधित कार्य किए गए। इसके साथ ही नए राशनकार्ड के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने सहभागिता करते हुए खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विजय पाटिल, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत कबीरधाम श्री विदेशी राम धुर्वे, सभापति श्री संदीप गुप्ता, पार्षदगण, आम नागरिक एवं राशनकार्ड हितग्राही उपस्थित रहे।
2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विजय पाटिल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के अभियान को संबल प्रदान करने का संकल्प दोहराया।
योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम रायपुर श्री भोस्कर विलास संदीपन ने विभागीय अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय उचित मूल्य दुकान बोड़ला का निरीक्षण भी किया तथा राशन वितरण व्यवस्था एवं हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
जिले में 2 लाख 97 हजार राशनकार्डधारियों को मिल रहा खाद्यान्न
खाद्य अधिकारी श्री चंद्रशेखर देवांगन ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जिले में कुल 2 लाख 97 हजार राशनकार्डों में दर्ज लगभग 9 लाख 39 हजार सदस्यों को उनकी निर्धारित पात्रता के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर ने नागरिकों को एक ही स्थान पर राशनकार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





