Blog

दुर्ग में मूसलाधार बारिश से मची तबाही, एसडीआरएफ ने रात भर अभियान चलाकर बचाई 135 से अधिक जानें

भिलाई। दुर्ग जिले में बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कईं निचले इलाकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित कुम्हारी और अमलेश्वर थाना क्षेत्र के गांव हुए हैं, जहां पानी भरने से सैकड़ों लोग फंस गए। संकट की इस स्थिति में एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीमों ने देवदूत बनकर रात भर सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लगभग 135 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

बाढ़ की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम रात 12 बजे कुम्हारी के ग्राम परसदा पहुंची। सुबह 5 बजे तक चले इस अभियान में मोटर बोट, लाइफ जैकेट और लाइफ रिंग्स की मदद से बाढ़ में फंसे 50 से 55 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया। इसी गांव के जगदीश बाड़ी क्षेत्र में जलभराव के बीच कईं परिवारों के फंसे होने की खबर मिलते ही टीम ने पुनः मोर्चा संभाला। लगभग दो घंटे चले इस ऑपरेशन में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित कुल 60 लोगों को सुबह साढ़े 7 बजे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में भी स्थिति गंभीर रही। महादेव वाटिका के पीछे मटिया खार में रात 2 बजे फंसे 15 लोगों को रेस्क्यू कर राहत शिविर पहुंचाया गया। वहीं ग्राम खुड़मुड़ा में एक पूरी बस्ती पानी से घिर गई थी, जहां से एक गर्भवती महिला और कैंसर पीड़ित बुजुर्ग समेत 10 लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

बारिश के कारण नदियां विकराल रूप धारण कर चुकी हैं। रायपुर से पाटन मार्ग पर खारुन नदी का पानी महादेव घाट स्थित पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। दूसरी ओर, शिवनाथ नदी के उफान पर होने से पुलगांव के पास सड़क से लगभग पांच फीट ऊपर पानी बह रहा है। उतई थाना क्षेत्र में नाले के तेज बहाव में एक युवक बाइक सहित बह गया और किस्मत से एक पेड़ में अटक गया। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

शहरी व औद्योगिक क्षेत्रों में भी जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। भिलाई-3 के सिरसा गेट और चरोदा के एच केबिन के पास बने रेलवे अंडरब्रिज में भारी पानी भर गया है। इससे रेलवे के पीपी यार्ड सहित अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को ड्यूटी पर पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह भिलाई शहर में सुपेला के चंद्रा-मौर्या और प्रियदर्शिनी परिसर अंडरब्रिज में में पानी भरा हुआ होने से आवाजाही बंद है। प्रशासन ने लोगों से अति आवश्यक होने पर ही घर से निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।

The post दुर्ग में मूसलाधार बारिश से मची तबाही, एसडीआरएफ ने रात भर अभियान चलाकर बचाई 135 से अधिक जानें appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button