छत्तीसगढ़

चिल्फी एवं भोरमदेव में 5 दिवसीय कौशल एवं मृदु कौशल प्रशिक्षण संपन्न

*चिल्फी एवं भोरमदेव में 5 दिवसीय कौशल एवं मृदु कौशल प्रशिक्षण संपन्न*

*प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं टूल किट का किया गया वितरण*

कवर्धा,  सितंबर 2026। वनमंडलाधिकारी श्री निखिल अग्रवाल के निर्देशन एवं भोरमदेव अभ्यारण्य की अधीक्षक श्रीमती अनिता साहू के मार्गदर्शन में स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को आजीविका के नवीन अवसरों से जोड़ने तथा स्वरोजगार हेतु सक्षम बनाने के उद्देश्य से भोरमदेव अभ्यारण्य, कवर्धा वनमंडल अंतर्गत ग्राम चिल्फी एवं भोरमदेव में 5 दिवसीय अल्पकालिक व्यवसायिक एवं मृदु कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पं. सुंदरलाल शर्मा एजुकेशन एकेडमी, संयुक्त वन प्रबंधन समिति एवं भोरमदेव अभ्यारण्य, कवर्धा वनमंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में ’इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग एवं ब्यूटीशियन कार्य’ का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्थानीय ’63 युवक-युवतियों’ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में भोरमदेव की सरपंच, भोरमदेव अभ्यारण्य की अधीक्षक श्रीमती अनिता साहू, चिल्फी वन परिक्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री लाल सिंह मरकाम सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आयोजन समिति के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमती अनिता साहू ने कहा कि महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कौशल विकास प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे प्रशिक्षणों के माध्यम से स्थानीय युवक-युवतियां अपने हुनर का उपयोग कर स्वरोजगार एवं आय के स्थायी साधन विकसित कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान सफल प्रशिक्षणार्थियों को अतिथियों द्वारा ’प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र तथा इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग एवं ब्यूटी पार्लर से संबंधित टूल किट बैग’ प्रदान किए गए। टूल किट प्राप्त होने पर प्रशिक्षणार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण को रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में उपयोगी बताया। वन विभाग द्वारा स्थानीय समुदाय की सहभागिता के साथ इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वनांचल क्षेत्रों के युवाओं एवं महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button