छत्तीसगढ़

गणेश विसर्जन को लेकर कबीरधाम पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था

*गणेश विसर्जन को लेकर कबीरधाम पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था।*

*शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित गणेश विसर्जन के लिए जिले भर में सैकड़ों की संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का बल तैनात।*

*फिक्स प्वाइंट, पेट्रोलिंग, क्यूआरटी, यातायात एवं गोताखोर दल रहेंगे सक्रिय।*
कबीरधाम गणेशोत्सव पर्व के अवसर पर दिनांक 25 एवं 26 सितंबर 2026 को जिले में विभिन्न गणेश समितियों द्वारा आयोजित प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न अनुभागों एवं कवर्धा शहर में ड्यूटी लगाई गई है।

*कवर्धा शहर में प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट एवं पेट्रोलिंग व्यवस्था*

गणेश प्रतिमाओं की झांकियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए सिग्नल चौक, दर्रीपारा, कर्मा चौक, एकता चौक, बूढ़ा महादेव चौक, नवीन बाजार चौक एवं करपात्री चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही दो पेट्रोलिंग पार्टियां निर्धारित मार्गों पर लगातार भ्रमण कर स्थिति पर निगरानी रखेंगी।

*विसर्जन स्थलों पर विशेष सुरक्षा—गोताखोर दल की तैनाती*

सकरहा घाट, सरोधा डेम एवं भोजली तालाब में विशेष पुलिस व्यवस्था लगाई गई है। विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल के साथ नगर सैनिक गोताखोर दल एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षित दूरी पर रखने तथा तैराकी नहीं जानने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

*गणेश जी की प्रतिमा/झांकियों के साथ पुलिस बल रहेगा मौजूद*

दिनांक 25 एवं 26 सितंबर को शहर की विभिन्न गणेश समितियों की विसर्जन झांकियों के साथ पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी झांकियों के शांतिपूर्ण आवागमन, भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखेंगे।

*क्यूआरटी एवं गिरफ्तारी दल रहेंगे तैयार*

किसी भी आकस्मिक कानून-व्यवस्था की स्थिति से तत्काल निपटने के लिए दो क्यूआरटी पार्टियां सिग्नल चौक एवं राजमहल चौक क्षेत्र में तैनात रहेंगी। इसके अतिरिक्त रक्षित केन्द्र में गिरफ्तारी पार्टी एवं रिजर्व बल को तैयार स्थिति में रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मौके पर भेजा जा सके।

*यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस*

विसर्जन झांकियों के मार्ग में आवश्यक स्थानों पर यातायात पुलिस बल तैनात रहेगा। सुगम आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्सन किया जाएगा। ड्यूटी में तैनात यातायात बल को वायरलेस सेट, रेनकोट, रिफ्लेक्टर जैकेट, फ्लोरोसेंट रॉड एवं स्टॉपर सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

*ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनुभाग स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था*

बोड़ला, पंडरिया एवं लोहारा क्षेत्र में संबंधित अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर उपलब्ध बल एवं संसाधनों के आधार पर गणेश विसर्जन कार्यक्रमों के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विसर्जन कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विसर्जन स्थलों पर 04-04 नगर सैनिक गोताखोर दल, यातायात बल, क्यूआरटी, पुलिसकर्मी तथा रिजर्व बल को आवश्यकतानुसार तैनाती एवं त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा गया है।

*ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग संबंधी एडवाइजरी*

समितियों से अपील है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमानुसार अनुमति प्राप्त कर एवं निर्धारित ध्वनि सीमा में करें। सार्वजनिक स्थान पर ध्वनि का स्तर 75 डेसिबल (dB(A)) अथवा संबंधित क्षेत्र की निर्धारित सीमा से 10 dB(A) अधिक, जो भी कम हो, उससे अधिक न रखा जाए। सामान्यतः रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं किया जाए। शासन द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए निर्धारित विशेष छूट होने पर उसका पालन किया जा सकेगा।

कबीरधाम पुलिस द्वारा गणेश समितियों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, नदी/तालाब एवं बांध में सुरक्षा सीमा का उल्लंघन न करें। बरसात लगातार हो रही है, इसलिए विशेष सावधानी बरतें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में सहयोग करें। पुलिस का उद्देश्य धार्मिक आस्था एवं उत्सव की गरिमा का सम्मान करते हुए गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button