*
*कांचीपुरम (तमिलनाडु) तक पहुंची कबीरधाम पुलिस की टीम, अपहृत नाबालिक बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा।*
*बहला-फुसलाकर नाबालिक बालक को भगा ले जाने वाली महिला आरोपी गिरफ्तार, विवेचना में पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।*
*तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पतासाजी कर पुलिस ने हासिल की सफलता।*
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल एवं श्री हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी सहसपुर लोहारा निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में नाबालिक बालक के अपहरण के प्रकरण में सहसपुर लोहारा पुलिस द्वारा तत्परता एवं तकनीकी दक्षता के साथ प्रभावी कार्यवाही की गई।
दिनांक 20.01.2026 को थाना क्षेत्र के प्रार्थी द्वारा थाना सहसपुर लोहारा उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया गया। कि उसका नाबालिक पुत्र दिनांक- 14.01.2026 को घर से बिना बताए कहीं चला गया है और वापस नहीं आया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 03/2026, धारा 137(2) बी.एन.एस. एवं गुम इंसान क्रमांक 03/2026 पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी सहायता से प्राप्त डिटेल के आधार पर नाबालिक बालक तथा संदेही के संभावित ठिकानों की लगातार पतासाजी की गई। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम कांचीपुरम, तमिलनाडु पहुंची, जहां तंडुलम थाना क्षेत्र से नाबालिक बालक को महिला आरोपी पूर्णिमा यादव, निवासी बिरनपुर, के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के पश्चात नाबालिक बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
विवेचना एवं नाबालिक बालक से पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में महिला आरोपी द्वारा उसे माता-पिता के वैध संरक्षण से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसके साथ यौन अपराध किए जाने की जानकारी सामने आई। प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।
प्रकरण में विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए महिला आरोपी पूर्णिमा यादव को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सहसपुर लोहारा निरीक्षक मनीष मिश्रा, सउनि बलदाऊ भट्ट, प्रधान आरक्षक अनिल साहू एवं आरक्षक चरण पटेल का विशेष योगदान रहा।





