*
*पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय कुमार यादव ने किया थाना कुण्डा का आकस्मिक निरीक्षण।*
*थाना व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।*
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय कुमार यादव द्वारा आज दिनांक 13.09.2026 को कबीरधाम जिले के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान थाना कुण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कबीरधाम, जिला के पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री भूपत सिंह उपस्थित रहे।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय कुमार यादव ने थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों एवं थाना स्तर पर संचालित विभिन्न पुलिस कार्यों का निरीक्षण करते हुए थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना आम नागरिकों की सुरक्षा, सेवा एवं समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी एवं सम्माननीय नागरिकों के साथ संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण करने, गंभीर एवं महत्वपूर्ण प्रकरणों में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने, महिला, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्ग से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने, नियमित पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बीट व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए पुलिस एवं आम नागरिकों के मध्य सतत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। पुलिस महानिरीक्षक ने साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने, साइबर ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, महिला सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित कार्यों को प्रभावी रूप से संचालित करने, थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं बेहतर कार्यालयीन व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, बेहतर टर्नआउट एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने कहा।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय कुमार यादव ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा एवं पुलिस के प्रति विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने थाना स्टाफ को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बेहतर पुलिसिंग, त्वरित जनसमस्या निराकरण एवं जनविश्वास को निरंतर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।




