छत्तीसगढ़

गणेश उत्सव एवं विसर्जन की व्यवस्था को लेकर कबीरधाम पुलिस ने गणेश समितियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ली बैठक

*गणेश उत्सव एवं विसर्जन की व्यवस्था को लेकर कबीरधाम पुलिस ने गणेश समितियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ली बैठक*

*गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने पर दिया जोर*

गणेश चतुर्थी एवं गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कोतवाली थाना कवर्धा में गणेश समितियों के सदस्यों एवं कवर्धा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं विसर्जन के दौरान आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में एसडीओपी कवर्धा श्री आशीष शुक्ला, तहसीलदार श्री परमेश्वर मंडावी एवं थाना प्रभारी श्री लालजी सिन्हा ने गणेश समितियों एवं ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से चर्चा की।

एसडीओपी श्री आशीष शुक्ला ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का आयोजन करें। गणेश पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी समितियां पंडाल के पास CCTV कैमरा लगवाने, अग्निशमन यँत्र या आग बुझाने के अन्य साधनों की व्यवस्था करने वालंटियर्स रखने तथा जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने के साथ यातायात व्यवस्था को बाधित न होने देने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए समिति के सदस्य पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें।

तहसीलदार श्री परमेश्वर मंडावी ने कहा कि गणेश प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। विसर्जन स्थल पर भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने गणेश समितियों एवं ग्राम पंचायतों से पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

थाना प्रभारी श्री लालजी सिन्हा ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। गणेश समितियों को पंडालों एवं आयोजन स्थल पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित समय एवं मानकों के अनुरूप उपयोग करने तथा गणेश विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विसर्जन जुलूस में अनावश्यक भीड़ एवं तेज गति से वाहन चलाने से बचें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

बैठक में गणेश समितियों एवं ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में अपने सुझाव दिए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से सहयोग एवं समन्वय के साथ गणेश उत्सव एवं विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button