*रक्षाबंधन पर्व पर यातायात पुलिस की “अपील”—निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन पार्क करें।*
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बाजार में बढ़ने वाली भीड़ एवं वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की पार्किंग के लिए- *पुराना बस स्टैंड, गांधी मैदान एवं पुराना मंडी परिसर को निर्धारित पार्किंग स्थल बनाया गया है।*
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऋषभदेव चौक से मेन मार्केट स्थित गुरु नानक गेट तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान बाजार में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। मुख्य बाजार एवं प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने अथवा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें।
उन्होंने आमजन से यातायात पुलिस की व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने से बाजार क्षेत्र में यातायात सुगम बना रहेगा, अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनेगी तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन मिल सकेगा।
यातायात पुलिस की अपील है कि रक्षाबंधन पर्व की खुशियों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





