Blog

दुर्ग भिलाई में ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को जारी होगा क्यूआर कोड, एक क्लिक पर जा सकेंगे पूरी डिटेल

भिलाई। दुर्ग-भिलाई में ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की संपूर्ण जानकारी के लिए यातायात पुलिस द्वारा क्यूआर कोड जारी किया जाएगा। इस कोड को स्कैन करते ही ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की पूरी डिटेल सामने आ जाएगी। गुरूवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के रजिस्ट्रेशन एवं QR कोड जारी करने की प्रक्रिया का डेमो दिया गया। 16 अगस्त से ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन कर QR कोड जारी किया जाएगा। इस दौरान करीब 150 से ज्यादा चालक मौजूद रहे।

एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देशानुसार यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने एवं ऑटो तथा ई-रिक्शा चालकों के सत्यापन की दिशा में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में 16 अगस्त 2026 से ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन कर उन्हें QR कोड जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इससे पहले गुरूवार को पुलिस कंट्रोल रूम में लगभग 150 ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा ऑटो चालकों को QR कोड रजिस्ट्रेशन के उद्देश्य एवं उससे होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

रजिस्ट्रेशन के पश्चात QR कोड व्यवस्था से यात्रियों को ऑटो चालक की पहचान एवं सत्यापन संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षित यात्रा का विश्वास बढ़ेगा। साथ ही ऑटो चालकों के संचालन को भी व्यवस्थित करने के लिए निर्धारित स्थानों पर ऑटो खड़े करने, रोटेशन के आधार पर संचालन एवं निर्धारित किराये का पालन करने के संबंध में निर्देश दिए गए। बैठक में ऑटो चालकों को अपने वाहनों के समस्त दस्तावेज पूर्ण एवं अद्यतन रखने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। जिनके कागजात पूर्ण नहीं उन्हे परिवहन विभाग से संपर्क कर सरकारी फीस में बनाने चर्चा कर बनाया जायेगा।

जनहित फाउंडेशन रायपुर से आए ऋषभ सोनी द्वारा PPT एवं मोबाइल के माध्यम से ऑटो चालकों को QR कोड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया स्टेप-बाय-स्टेप समझाई गई तथा रजिस्ट्रेशन करने की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।  यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यह पहल यात्रियों की सुरक्षा, ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालन में पारदर्शिता तथा यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

The post दुर्ग भिलाई में ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को जारी होगा क्यूआर कोड, एक क्लिक पर जा सकेंगे पूरी डिटेल appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button