Blog

भिलाई स्टील प्लांट के प्लेट मिल में फैला करंट, चपेट में आया कर्मचारी…. जानिए क्या है हादसे की वजह

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के प्लेट मिल अचानक करंट फैलने से कर्मचारी चपेट में आ गया। विद्युत शॉक की सूचना मिलते ही इलेक्ट्रिकल शिफ्ट प्रभारी वी. रवि किरण ने प्रभावित क्षेत्र की तत्काल बैरिकेडिंग सुनिश्चित कर मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) कार्तिकेय बेहेरा सहित संबंधित विभागों को सूचित किया। सूचना प्राप्त होते ही एंबुलेंस, सिविल डिफेंस, अग्निशमन सेवा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) तथा अन्य आपातकालीन दल निर्धारित आपदा प्रबंधन प्रक्रिया के अनुरूप घटनास्थल पर पहुंचे और सफलतापूर्वक राहत कार्य संपन्न किया।

दरअसल यह कोई वास्तविक घटना नहीं थी बल्कि सुरक्षित कार्य करने व  विद्युत दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से प्लेट मिल के मोटर रूम में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान विद्युत शॉक की काल्पनिक घटना का परिदृश्य तैयार कर त्वरित बचाव, प्राथमिक उपचार तथा विभिन्न आपातकालीन एजेंसियों के समन्वित संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

portal add

मॉक ड्रिल के दौरान असेंबली प्वाइंट पर आयोजित संबोधन में मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) कार्तिकेय बेहेरा ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में समयबद्ध, समन्वित और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया ही दुर्घटना के प्रभाव को न्यूनतम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा ऐसे अभ्यासों से प्राप्त अनुभवों को दैनिक कार्य व्यवहार में शामिल करने का आह्वान किया।

मॉक ड्रिल के उपरांत प्लेट मिल कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अभ्यास के विभिन्न पहलुओं का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए आपातकालीन तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझावों पर चर्चा की गई। समापन अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा के प्रति सतत सजग रहने और सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।

मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस से मनीष कुमार, अग्निशमन सेवा से अभिषेक कुमार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) से के. श्रीनिवासन राव, सुरक्षा विभाग से तपन कुमार नायक, स्वास्थ्य विभाग से दिनेश, प्लेट मिल के महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी प्रवीण चौकसे, सुरक्षा अधिकारी दीपक पारया, तकनीकी सहायक अरुण अग्रवाल, इलेक्ट्रिकल विभाग प्रमुख सी. पद्मनाभन, यांत्रिकी विभाग प्रमुख जे. सुधाकर, प्रचालन प्रमुख संजय त्रिपाठी, सुरक्षा प्रशिक्षक सत्य नारायण मेहर सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

The post भिलाई स्टील प्लांट के प्लेट मिल में फैला करंट, चपेट में आया कर्मचारी…. जानिए क्या है हादसे की वजह appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button