देश दुनिया

रात के बचे हुए चावल में बेसन-दही और मसाले डालकर बनाएं स्वादिष्ट पकौड़े

चावल कई लोगों को बहुत पसंद होते हैं। ऐसे में उनके यहां अक्सर रोजाना ही चावल पकाए जाते हैं। कई बार चावल ज्यादा बन जाते हैं तो वो बच भी जाते हैं। ऐसे में आप बचे हुए चावलों का क्या करते हैं? उन्हें दाल या सब्जी के साथ निपटाते हैं या फिर फ्राई करके खाते हैं।

आप चाहें तो रात के बचे हुए चावलों में बेसन-दही और कुछ बेसिक से मसाले मिलाकर टेस्टी क्रिस्पी पकौड़े तैयार कर सकते हैं। यह खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। इन्हें खाकर कोई नहीं कह पाएगा कि यह बचे हुए चावलों से तैयार किए गए हैं। आइए जानें इसकी रेसिपी।

रात के बचे चावल के पकौड़े ऐसे बनाएं

बनाने के लिए जरूरी चीजें

बचे हुए पके चावल – 1 कप
बेसन – ½ कप
दही – 3 बड़े चम्मच
प्याज – 1 छोटा, बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च – 1-2, बारीक कटी
अदरक – ½ छोटा चम्मच, कद्दूकस किया हुआ
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच, बारीक कटा
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
जीरा – ½ छोटा चम्मच
अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
गरम मसाला – ¼ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – जरूरत के अनुसार
तेल – तलने के लिए

स्वाद बढ़ाने के लिए आप चाहें तो इसमें 1 चुटकी हींग और ½ छोटा चम्मच चाट मसाला भी डाल सकते हैं।

ऐसे तैयार करें पकौड़ों का मिश्रण

सबसे पहले आपको बचे हुए चावल को किसी बड़े कटोरे में डाल लेना है। अगर चावल आपस में ज्यादा चिपक रहे हैं तो हाथ या चम्मच से हल्का मसल लें। इसके बाद आपको इसमें बेसन और दही डालना है। दोनों को अच्छी तरह मिलाएं। फिर इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। इसके बाद आपको स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, हल्दी, जीरा, अजवाइन और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लेना है। इसके बाद मिश्रण को 5 मिनट के लिए रख दें। इससे बेसन और दही चावल के साथ अच्छी तरह मिल जाएंगे।अब मिश्रण को देखें। यह इतना गाढ़ा होना चाहिए कि चम्मच से उठाने पर आसानी से न गिरे। अगर बहुत सूखा लगे तो 1-2 चम्मच पानी डालें। ज्यादा पानी एक साथ न डालें, वरना पकौड़े फैल सकते हैं।

इस तरह तले पकौड़े

कड़ाही में तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। फिर तेल गर्म होने पर हाथ या चम्मच की मदद से मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से तेल में डालें। एक बार में बहुत ज्यादा पकौड़े न डालें, वरना तेल का तापमान कम हो जाएगा और पकौड़े ज्यादा तेल सोख सकते हैं। फिर पकौड़ों को मध्यम आंच पर पलट-पलटकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इसके बाद तैयार पकौड़ों को निकालकर किचन पेपर पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। इन्हें हरी चटनी, मीठी चटनी या गरमा-गरम चाय के साथ परोस सकते हैं।

 

 

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button