भिलाई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में “पिंक पेट्रोलिंग अभियान” निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस अधिकारियों एवं पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

अभियान के दौरान थाना खुर्सीपार क्षेत्र अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हिंदी माध्यम), स्वामी आत्मानंद विद्यालय, श्रीराम चौक में छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला हेल्पलाइन-1091, डायल-112, अभिव्यक्ति ऐप एवं महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या, छेड़छाड़ अथवा संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यालय आने-जाने के मार्गों पर घूमने वाले संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की गई।

थाना सुपेला क्षेत्र में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुपेला एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुपेला में छात्र-छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन-1091 तथा महिला सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पुलगांव में छात्राओं एवं शिक्षकों को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया गया तथा पिंक पेट्रोलिंग अभियान एवं महिला सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इसी प्रकार थाना भिलाई नगर क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल (कैंप-2), केपीएस स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल, बरोडा टैंक स्कूल, शास्त्री कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, भिलाई भट्टी पार्क एवं डीएवी पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर पिंक पेट्रोलिंग कर छात्राओं, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव एवं पुलिस सहायता सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया।

उक्त अभियान में संबंधित थाना प्रभारियों, महिला उप निरीक्षकों (PSI), पिंक पेट्रोलिंग टीम एवं संबंधित थाना स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। सभी टीमों द्वारा विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए सुरक्षा का विश्वास दिलाया गया। दुर्ग पुलिस सभी महिलाओं, बालिकाओं, छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने, साइबर अपराध अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। अभिव्यक्ति ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूक रहकर सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
The post पिंक पेट्रोलिंग अभियान : विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम appeared first on ShreeKanchanpath.


