छत्तीसगढ़

नए कानूनों की जानकारी से सशक्त होगा समाज और प्रभावी होगी न्याय व्यवस्था : पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह।*

*सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर कबीरधाम पुलिस द्वारा नवीन न्याय संहिताओं पर विशाल जनजागरूकता शिविर आयोजित।*

*नए कानूनों की जानकारी से सशक्त होगा समाज और प्रभावी होगी न्याय व्यवस्था : पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह।*

कबीरधाम पुलिस द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में जनसामान्य, विद्यार्थियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को जागरूक करने हेतु न्यू पुलिस लाइन सभागार, कबीरधाम में एक दिवसीय जनजागरूकता अभियान एवं न्याय संहिता कैंप का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारीगण, बड़ी संख्या में विवेचना अधिकारी, प्रधान आरक्षक, आरक्षक, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) सहित नवीन आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी आमजन एवं पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाना तथा कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश में लागू किए गए नवीन आपराधिक कानून न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि कानून की सही जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि समाज में विधि के प्रति विश्वास और जागरूकता का वातावरण निर्मित हो सके। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि नवीन कानूनों में तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल अनुसंधान तथा समयबद्ध न्याय प्रक्रिया को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने विवेचना अधिकारियों को नए प्रावधानों का गहन अध्ययन कर उनका प्रभावी उपयोग करने तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में कानूनों की जानकारी केवल पुलिस विभाग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज की आधारशिला होते हैं तथा ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में विधिक चेतना के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला अभियोजन अधिकारी (ADPO) श्री भूपेंद्र सिंह द्वारा नवीन कानूनों के विभिन्न प्रावधानों, उनके व्यवहारिक उपयोग, विवेचना प्रक्रिया में आए महत्वपूर्ण परिवर्तनों तथा न्यायिक प्रक्रिया में उनके प्रभाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से कानूनों को सरल एवं सहज भाषा में समझाते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण विधिक जानकारियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों, विवेचना अधिकारियों, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों द्वारा नवीन कानूनों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका जिला अभियोजन अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह द्वारा विस्तारपूर्वक एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने कानूनों के व्यावहारिक पक्ष, नागरिक अधिकारों, पुलिस कार्यवाही तथा न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित अनेक जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नवीन कानूनों की जानकारी अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कबीरधाम पुलिस द्वारा आयोजित यह जागरूकता अभियान कानून के प्रति जनविश्वास बढ़ाने, विधिक साक्षरता को प्रोत्साहित करने तथा समाज और पुलिस के मध्य समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button