छत्तीसगढ़

चेकिंग के दौरान मौके पर स्कूटी से प्लेन देशी शराब भी जब्त

*कबीरधाम पुलिस की होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट में सरप्राइज चेकिंग, शराब पिलाने वाले संचालकों पर की गई कार्रवाई*

*चेकिंग के दौरान मौके पर स्कूटी से प्लेन देशी शराब भी जब्त*

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंटों में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी कवर्धा श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना, एएनटीएफ (ANTF) एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा कवर्धा शहर के विभिन्न क्षेत्र के होटल, ढाबा में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान में कोतवाली थाना प्रभारी श्री योगेश कश्यप, एएनटीएफ प्रभारी श्री महेश प्रधान तथा साइबर सेल प्रभारी श्री उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग टीम बनाकर नवीन बाजार, नया बस स्टैंड, राजनांदगांव बायपास सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंटों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान कई होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा ग्राहकों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिलाते हुए पाया गया। पुलिस टीम ने संबंधित संचालकों को मौके से हिरासत में लेकर थाना लाया तथा उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में एक होटल संचालक की स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें प्लेन देशी शराब रखी हुई मिली। पुलिस ने मौके पर ही शराब जप्त कर संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसडीओपी कवर्धा श्री आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब परोसने, शराब पिलाने तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध रूप से शराब बिक्री, शराब पिलाने अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

कबीरधाम पुलिस द्वारा आगे भी जिलेभर में इसी प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण एवं विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button