श्योपुर:महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क पहुंचेगी. राष्ट्रपति का यह दौरा निजी कार्यक्रम के रूप में प्रस्तावित है. हालांकि सुरक्षा और प्रोटोकॉल को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं. राष्ट्रपति 22 जून को कूनो नेशनल पार्क में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और चीता सफारी भी करेगी. खास बात यह है कि दौरे के दौरान कूनो नेशनल पार्क में मीडिया की एंट्री पर रोक लगा दी गई है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चीतों की धरती कूनो नेशनल पार्क एक बार फिर राष्ट्रीय सुर्खियों में है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को करीब 3-4 बजे के आसपास कूनो नेशनल पार्क के पालपुर स्थित रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेगी. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला कई दिनों से तैयारी में जुटा हुआ है. पार्क परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्र तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है.
चीता प्रोजेक्ट की जायजा लेंगी राष्ट्रपति
22 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कूनो नेशनल पार्क में चीता सफारी करेंगी. इस दौरान चीता मित्रों मॉनिटरिंग टीम और वन विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगी. चीता प्रोजेक्ट की प्रगति और संरक्षण गतिविधियों की जानकारी राष्ट्रपति को दी जाएगी. कूनो नेशनल पार्क में राष्ट्रपति का यह दौरा वन्य जीव संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.





