*स्कूलों में बच्चों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ किसानों की मांग पर खाद-बीज उपलब्ध हो- जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू*
*जिला पंचायत कबीरधाम के सामान्य सभा में जनहित के मुद्दों पर हुई व्यापक चर्चा*
*स्कूल शिक्षा विभाग एवं कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा कर दिए गए कई निर्देश*
कवर्धा, जून 2026/ ग्रीष्म अवकाश के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्कूली बच्चों के लिए शाला भवन में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं शिक्षकों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने जिला पंचायत कबीरधाम के सामान्य सभा की बैठक में शिक्षा विभाग को दिए गए। अध्यक्ष ने विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन करते हुए बच्चों का स्कूलों में स्वागत करें जिससे कि नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों का मनोबल ऊंचा बना रहे। इसके साथ ही पाठ्यक्रम को शासन द्वारा निर्धारित समय अवधि में पूरा करने कहा गया।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत कबीरधाम के सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू के अध्यक्षता में आयोजित किया गया था।जिसमें स्कूल शिक्षा विभाग एवं कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि इस शैक्षणिक सत्र के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सभी कक्षा सहित 9वी एवं 10वीं हाई स्कूलों में लक्ष्य के अनुसार निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जा रहा है। निशुल्क साइकिल वितरण योजना, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना, शिक्षा का अधिकार के तहत प्रवेश की जानकारी दी गई। साथ मे अनुकंपा नियुक्ति, छात्रवृत्ति भुगतान, छत्तीसगढ़ महतारी दुलार योजना एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत कराये जा रहे हैं निर्माण कार्यों की जानकारी सदन को दी गई। बैठक में उप संचालक पंचायत श्री राज तिवारी भी उपस्थित रहे। सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, सदस्य श्रीमती दीपा पप्पू धुर्वे,श्रीमती अन्नपूर्णा रामगोपाल चंद्राकर, श्रीमती राजेश्वरी धृतलहरे,श्रीमती पूर्णिमा मनीराम साहू, श्रीमती ललिता रूप सिंह धुर्वे, श्री राजकुमार मेरावी, श्रीमती सुमित्रा विजय पटेल, श्री रोशन दुबे, श्रीमती राजकुमारी राजेंद्र साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत बोड़ला श्रीमती बालका राम किंकर वर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत पंडरिया श्रीमती नंदनी राजकुमार साहू एवं विधायक कवर्धा के प्रतिनिधि श्री भुखन साहू उपस्थित रहे।
कृषि विभाग की जानकारी देते हुए उप संचालक कृषि द्वारा सदन को बताया गया कि जिले में खरीफ सीजन 2026 में उर्वरक की मांग अनुसार भंडारण हो रहा है तथा किसानों की मांग पर वितरण का कार्य भी किया जा रहा है। यूरिया, डीएपी,एमओपी, एसएसपी एवं एनपीके की उपलब्धता की जानकारी सदन को दी गई। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत अरहर सोयाबीन तथा अन्य उपार्जन की जानकारी दिया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि,कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति सहित विभागीय कार्यों की जानकारी सदन को दी गई। समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी ने उपसंचालक कृषि को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसलों पर स्थानीय कृषकों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन का व्यापक प्रचार किया जाए जिससे कि कृषकों को इसका लाभ मिल सके। सभी समितियों में खाद का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रदान किया जा रहे पेयजल व्यवस्था से संबंधित विषय पर भी चर्चा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं जल संसाधन विभाग के कार्यों पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों को सदन में रखा। उपसंचालक पंचायत श्री राज तिवारी ने सभी विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों का त्वरित निराकरण करे। बैठक में सभी विभागों के विभाग प्रमुख एवं जिला पंचायत के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।





