*कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 11.536 किलोग्राम गांजा एवं 1,01,500 रुपये नगद बरामद, अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार*
कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली कवर्धा एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (Anti Narcotics Task Force) कबीरधाम की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं नगद रकम बरामद की गई है।
दिनांक 06 जून 2026 को थाना कोतवाली कवर्धा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रायपुर-बिलासपुर बाईपास रोड स्थित केशरवानी लॉज के पीछे एक किराये के मकान में रहने वाला गजेन्द्र मानिकपुरी नामक व्यक्ति अपने मकान में अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री हेतु संग्रहित कर रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारीयों को अवगत कराकर एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा गवाहों को साथ लेकर मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर एक व्यक्ति मिला जिसने पूछताछ में अपना नाम गजेन्द्र मानिकपुरी पिता गोवर्धन मानिकपुरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम भरेली, थाना पाण्डातराई, जिला कबीरधाम तथा वर्तमान में वार्ड क्रमांक 24 कवर्धा में किराये से निवासरत होना बताया। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराते हुए नियमानुसार मकान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मकान की सीढ़ियों के नीचे छिपाकर रखे गए विमल पान मसाला लिखे थैले से खाकी रंग की टेप से पैक किए गए 11 पैकेट गांजा बरामद किए गए। मौके पर वजन करने पर बरामद गांजा का कुल वजन 11 किलो 536 ग्राम पाया गया। तलाशी के दौरान 1,01,500 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन एवं गांजा पैकिंग में प्रयुक्त तीन नग प्लास्टिक टेप भी जप्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा खरीदकर कबीरधाम जिले में लाकर बिक्री करता था। आरोपी से प्राप्त जानकारी के आधार पर गांजा के नेटवर्क को तोड़ने हेतु विवेचना जारी है।
उक्त मामले में आरोपी गजेंद्र मानिकपुरी के विरूद्ध थाना कोतवाली कवर्धा में अपराध क्रमांक 222/2026 धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
कार्यवाही में निरीक्षक योगेश कश्यप, उप निरीक्षक रजनीकांत दीवान, सहायक उप निरीक्षक सुरेश जायसवाल, आरक्षक विजय शर्मा, आरक्षक जीतराम चंद्रवंशी, आरक्षक जितेन्द्र नारंग, महिला आरक्षक लक्ष्मी मेरावी तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (Anti Narcotics Task Force) कबीरधाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस आमजनों से अपील करती है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।





