देश दुनिया

गाय के दूध से बनी गुड़ की लस्सी, मिट्टी का कुल्हड़, भर-भरकर पिस्ता, बादाम, अखरोट…लेना है मजा तो यहां आएं

कोडरमा. तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर तेज होता जा रहा है. दोपहर की चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अलग-अलग प्रकार के शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं. ऐसे मौसम में कोडरमा वासियों के लिए एक खास और सेहतमंद विकल्प सामने आया है. सूर्या होटल के समीप स्थित यादव देसी घी काउंटर पर पहली बार लोगों को गुड़ वाली लस्सी उपलब्ध कराई जा रही है. जो स्वाद के साथ स्वास्थ्य लाभ के कारण भी चर्चा में है.

बिलोना पद्धति से मथते हैं लस्सी
दुकान के संचालक मनोज यादव ने बताया कि आमतौर पर बाजारों में चीनी से बनी लस्सी आसानी से मिल जाती है. लेकिन उन्होंने लोगों को कुछ अलग और स्वास्थ्यवर्धक देने की सोच के साथ गुड़ वाली लस्सी की शुरुआत की है. उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी में लोगों को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखा जा रहा है. इसलिए शुद्ध देसी तरीके से यह लस्सी तैयार की जा रही है.

उन्होंने बताया कि उनकी लस्सी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए उपयोग होने वाला दही गाय के दूध से तैयार किया जाता है. दही बनने के बाद पारंपरिक बिलोना पद्धति से उसे अच्छी तरह मथा जाता है. जिसके बाद गुड़ मिलाकर विशेष लस्सी तैयार होती है. इससे लस्सी का स्वाद तो बढ़ता ही है, साथ ही पौष्टिकता भी बरकरार रहती है.

गुड़, ड्राई फ्रूट्स के साथ मिट्टी के कुल्हड़ में लस्सी
उन्होंने बताया कि सबसे पहले साफ मिट्टी के कुल्हड़ में गांव से मंगाई गई देसी गुड़ का पाउडर डाला जाता है. फिर आधा गिलास मथा हुआ दही भरा जाता है. इसके बाद पिस्ता, अखरोट और मुनक्का जैसे ड्राई फ्रूट्स मिलाए जाते हैं और ऊपर से फिर दही डालकर इसे परोसा जाता है. यही खास मिश्रण इस लस्सी को अन्य लस्सियों से अलग बनाता है. उन्होंने बताया कि इस लस्सी की एक और विशेषता है कि इसे प्लास्टिक के गिलास की जगह मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा जाता है.

50 रुपये ग्लास कीमत
उन्होंने बताया कि मिट्टी के बर्तन में लस्सी रखने से उसकी प्राकृतिक ठंडक बनी रहती है और प्रोबायोटिक गुण बने रहते हैं. साथ ही मिट्टी के बर्तन में परोसी गई लस्सी स्वाद को और बढ़ा देती है. उन्होंने बताया कि चीनी की तुलना में गुड़ अधिक फायदेमंद होता है. गुड़ शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन में मदद करता है और गर्मी में राहत देने का भी काम करता है. यही वजह है कि लोग अब चीनी वाली लस्सी की जगह गुड़ वाली लस्सी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि यहां 50 रुपये प्रति गिलास गुड़ वाली लस्सी लोग काफी पसंद कर रहे हैं.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button