इंजन हुआ फेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों को लूप लाइन से निकाला
अमृत भारत एक्सप्रेस का इंजन 7 तारीख की सुबह अचानक फेल हो गया, जिससे ट्रेन गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर करीब ढाई घंटे तक खड़ी रही। जिसके बाद दूसरे इंजन से ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली कई एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों को लूप लाइन से धीमी गति से निकाला गया।
सुबह गंगाघाट स्टेशन पहुंचते ही इंजन हुआ फेल
आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा की ओर जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस सुबह करीब 9:08 बजे गंगाघाट स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान अचानक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी सूचना तुरंत स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद कंट्रोल रूम को जानकारी भेजी गई।
लखनऊ से मंगाया गया दूसरा इंजन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उसे स्टार्ट करने में दिक्कत आ रही थी। इसके बाद लखनऊ से दूसरा इंजन मंगाया गया, जो करीब 10:30 बजे गंगाघाट स्टेशन पहुंचा। दूसरा इंजन लगने के बाद ट्रेन को सुबह 11:37 बजे लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
यात्रियों को हुई परेशानी
ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर पीने के पानी की भी दिक्कत रही। प्लेटफॉर्म पर लगे हैंडपंप खराब होने के कारण यात्री पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इंजन में आई तकनीकी खराबी को दूर कर ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया है। वहीं इस दौरान ट्रैक पर यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए अन्य ट्रेनों को लूप लाइन से निकाला गया।





