रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार की शाम को भारतीय महिला टीम का तूफान देखने को मिला। जिम्बॉब्वे के खिलाफ खेले जा रहे टी-20 सीरीज का दूसरा मैच भारत ने 9 विकेट से जीत लिया। मैच में पहले गेंदबाजों ने कमाल किया और जिम्बॉब्वे को 102 रनों पर रोक दिया। इसके बाद भारतीय ओपनर शेफाली ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की इस टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
ससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। निर्धारित 20 ओवर में टीम आठ विकेट खोकर सिर्फ 102 रन बना सकी। तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने जिम्बाब्वे को शुरुआती झटका दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज केलिस न्द्लोवु को 11 गेंदों में बिना खाता खोले बोल्ड कर दिया। पावरप्ले में जिम्बाब्वे की टीम एक विकेट के नुकसान पर सिर्फ 20 रन बना सकी। इस दौरान टीम को केवल एक चौका मिला। पावरप्ले समाप्त होने के दो गेंद बाद बिलव्ड बिजा भी पवेलियन लौट गईं, जिससे जिम्बाब्वे की मुश्किलें और बढ़ गईं।
103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।शेफाली ने महज 25 गेंदों में 55 रन बनाए। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का 22वां अर्धशतक रहा। भारतीय ओपनर ने मिशेल मावुंगा के एक ओवर में लगातार तीन गेंदों पर 4, 4 और 6 रन बटोरकर अपने इरादे साफ कर दिए। भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नाबाद 47 रन बनाए और शेफाली के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
मंधाना ने तेज गेंदबाज न्याशा ग्वांजुरा के खिलाफ लगातार चार चौके जड़कर अपनी लय का प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने ओलिंडर चारे की गेंद पर शानदार इनसाइड-आउट छक्का लगाकर भारत को जीत दिला दी। भारत ने 103 रनों का लक्ष्य सिर्फ 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। शेफाली और मंधाना की साझेदारी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। शेफाली वर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इसके अलावा, उन्होंने मैच में 1 ओवर गेंदबाजी भी की।
The post भारत ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया…. शेफाली ने जड़ा तूफानी अर्धशतक, सीरीज में 2-0 की बढ़त appeared first on ShreeKanchanpath.



