देश दुनिया

LPG: ईरान युद्ध के बीच गैस सिलिंडरों के स्टॉक पर संशय, कंपनियों ने डीलरों को जारी की मौखिक एडवाइजरी

पश्चिम एशिया में अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव का असर अब घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। युद्ध के चलते भविष्य में उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को देखते हुए तेल कंपनियों ने उत्तर प्रदेश के एलपीजी डीलरों के लिए एक मौखिक एडवाइजरी जारी की है।इस कदम का मुख्य उद्देश्य गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकना है। तेल कंपनियों ने प्रदेश भर के वितरकों से कहा है कि सिलेंडरों की डिलीवरी केवल वैध बुकिंग और ग्राहक के मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) के आधार पर ही की जाए। कंपनियों ने डीलरों को सचेत किया है कि युद्ध की खबरों के बीच सिलेंडर का स्टॉक जमा न किया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं के लिए व्यवस्था प्रभावित न हो।

एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के अलीगढ़ अध्यक्ष केके तिवारी के मुताबिक वर्तमान स्थिति पर निगाहें लगी हैं। डीलर्स आपूर्ति को लेकर सतर्क हैं। कंपनियों के मौखिक दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है। अभी वर्तमान में कोई परेशानी नहीं है लेकिन यही हालत बनी रही तो आपूर्ति पर प्रभाव पड़ेगा।वितरकों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्टॉक और वितरण की रीयल-टाइम निगरानी करें। हाल ही में राज्यसभा में केंद्र सरकार द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में गैस आपूर्ति का बुनियादी ढांचा काफी मजबूत है। प्रदेश में 83 हजार मीट्रिक टन भंडारण क्षमता के साथ 22 बोटलिंग प्लांट हैं। प्रदेश में 4 हजार से अधिक वितरक हैं, जो 4.26 करोड़ उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति करते हैं। पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के इन कुल 4,000 वितरकों में से सर्वाधिक 2,306 वितरक ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

पेट्रोल पंप संचालकों में भी हलचल
अलीगढ़ पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय मंगल गुप्ता कहते हैं कि जिले में पांच पेट्रोलियम कंपनियों के 230 पेट्रोल पंप है। मौजूदा पश्चिम एशिया में बने हालात के चलते सभी में हलचल है। अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर निगाहें लगी हुई हैं। अभी 10 से 15 दिन तक कोई परेशानी नहीं दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बाद जटिल स्थिति हो सकती है। हालांकि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें सरकार के नियंत्रण में है। इसलिए कोई तेजी की संभावना नहीं है।

एलपीजी वितरण में अलीगढ़ की स्थिति

  • कुल गैस कनेक्शन – 8.50 लाख (3.5 लाख उज्ज्वला कनेक्शन शामिल)
  • कुल गैस डीलर – 109
  • सबसे अधिक डीलर – 63 इंडेन के ग्रामीण क्षेत्र में
  • शहरी इलाके में भारत और एचपी के डीलर अधिक
  • खैर में अंडला के पास करसुआ में इंडेन का एक बड़ा बोटलिंग प्लांट जो न केवल अलीगढ़ बल्कि आसपास के जिलों की आपूर्ति भी संभालता है।

 

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button