जशपुर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में बस झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही थी, जिसमें करीब 25 यात्री सवार थे। तपकरा थाना क्षेत्र के गोडा अंबा गांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। इस हादसे पर सीएम साय ने दुख जताया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि यह समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए तथा उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
The post जशपुर में बस हादसा, पांच की मौत और कई घायल… मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा दुःख appeared first on ShreeKanchanpath.



