ग्राम दवाना के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में 1990 से 1996 बैच का ग्रैंड एलुमिनाई मीट हर्षोल्लास व आत्मीय वातावरण में हुआ। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत 100 से अधिक पूर्व छात्र लगभग 30 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले और विद्यालयीन जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में सम्माननीय गुरुजन कुलदीप ओड, एनआर बकवाले, दिनेश भार्गव, दुर्गा शिंदे, सुशीला शर्मा व सीताराम वर्मा की मौजूदगी ने समारोह की शोभा बढ़ाई। सभी का शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह से सम्मान किया। संचालन अमित तिवारी और शालिनी गीते ने किया। निजी स्कूल के संगीत दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
पूर्व छात्रों ने गीत, कविताएं और रोचक किस्से सुनाकर माहौल को आनंदमय बनाया। एक रोचक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। दिवंगत शिक्षकों व छात्रों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य आयोजक डॉ. अविनाश वर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम सफल रहा। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे पूर्व छात्रों को विशेष सम्मान दिया। विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार के लिए 6 करोड़ की लागत से नए दो मंजिला भवन निर्माण की जानकारी प्राचार्य विनोद मालवीय ने साझा की। सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।





