सिरगिट्टी थाना में पदस्थ एसआई एचआर वर्मा के परिवार में शादी के उत्साह से आधा दर्जन कॉलोनी के लोेग परेशान हैं। शुक्रवार को एसआई ने यदुनंदन नगर सेक्टर-डी की सड़क ब्लॉक कर बारात में जमकर धुमाल बजवाया। इस दौरान साईं विहार समेत सभी कॉलोनीवासियों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सड़क पर अपर-डीपर देने के बाद भी चारपहिया सवारों को कॉलोनी में जाने के लिए रास्ता नहीं मिला। उन्होंने कुछ लोगों ने एसएसपी को कॉल किया, उनका नंबर नहीं लगने पर पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। लेकिन, इसके बाद भी मौके पर थाने से पेट्रोलिंग नहीं भेजी गई। काफी देर तक खड़े रहने के बाद लोग वहीं सड़क किनारे अपनी कार और बाइक खड़ी कर पैदल घर तक पहुंचे। बारात निकलने के बाद वापस जाकर अपने वाहन घर लेकर आए। एसआई की दबंगई की जानकारी दी।
उनका कहना है कि प्रभावशाली लोग नियमों की अनदेखी करते हैं, देर रात तक डीजे बजाते हैं, लेकिन यह भी ख्याल रखते हैं कि इससे आम लोगों को इससे तकलीफ न हो। यहां तो एसआई ने सारी हदें पार कर दी। एक दिन उनके घर की शादी में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजा। काफी देर तक बर्दाश्त करने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस कंट्रोल को सूचना दी। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम डीजे की आकर आवाज कम करा कर लौट गई। कुछ देर बाद फिर डीजे बजने लगा।





