टी-20 विश्व कप 2026 के महा-मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने भारत के सामने घुटने टेक दिए। कोलंबो के ऐतिहासिक आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से हराया। भारत की पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में यह 8वीं जीत है। इस जीत से भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बहुत खुश थे। उन्होंने ईशान किशन की 40 iगेंदों में 77 रनों की ताबड़तोड़ पारी की सराहना की है। किशन की पारी से कप्तान का सीना चौड़ा हो गया है।
पोस्ट मैच प्रेंजेंटेशन में कप्तान सूर्या ने बात करते हुए ईशान किशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिना किसी स्कोर के एक विकेट गिर जाने के बाद इस तरह की बल्लेबाजी करना अद्भत था। कप्तान सूर्या ने कहा कि ईशान किशन ने इस मैच में कुछ हटकर सोचा। ईशान की आउट ऑफ बॉक्स सोच ने भारत को मैच में काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान सूर्या ने कहा कि आज के मैच में शुरुआत में विकेट गिरने के बाद किसी ना किसी को तो जिम्मेदारी लेनी ही थी और यह जिम्मेदारी ईशान किशन ने जिस तरीके से ली है वह अद्भुत है।
भारतीय टीम के प्रदर्शन और इंटेंट पर बात करते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि “मेरे ख्याल से यह मैच भारत के लिए काफी अच्छा था, क्योंकि हमने उसी ब्रांड का क्रिकेट खेला जिस तरह से हम ताबड़तोड़ क्रिकेट खेलना चाहते थे।” सूर्यकुमार यादव ने पहले बल्लेबाजी करने की चुनौतियों के बारे में बात करते हुए कहा कि “पहले बल्लेबाजी करते समय कुछ कहना मुश्किल होता है। क्योंकि आपको कभी पता नहीं होता कि ओस होगी या नहीं या लाइट्स के नीचे पिच कैसी रहेगी।”
हालांकि, सूर्यकुमार यादव पहली पारी में बनाए गए भारतीय टीम के 175 रनों के स्कोर से पूरी तरह से आश्वत थे। सूर्या ने कहा कि “पहले बल्लेबाजी करते हुए यह तय करना मुश्किल होता है कि कितना टारगेट सही रहेगा, लेकिन हमें लगा कि हमारा स्कोर औसत से 15 रन ज्यादा था। 155 रन का स्कोर एक रोमांचक मैच हो सकता था।” गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कप्तान सूर्या ने कहा कि “गेंद से सभी का योगदान देखना बहुत अच्छा लगा।” सूर्या ने आगे के मैचों की प्लानिंग पर बात करते हुए कहा- “हम वापस जाएंगे, एक टीम के रूप में अच्छा समय बिताएंगे और फिर अहमदाबाद के लिए उड़ान भरते समय बाकी मैचों के बारे में सोचेंगे।”
बता दें कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद अब सुपर 8 के लिए अपनी सीट कंफर्म कर चुकी है। वेस्टइंडीज की टीम दोपहर में ही सुपर 8 के मुकाबले में पहुंच गई थी। भारत का ग्रुप स्टेज का एक और मुकाबला खेला जाना शेष है, जिसके लिए भारतीय टीम कोलंबो से सीधे अमदाबाद के लिए उड़ान भरेगी।





