स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप का हाईवोल्ब्टेज मैच से संकट हट गया है। भारत से मुकाबले का बहिस्कार की घोषणा करने वाले पाकिस्तान ने यू टर्न ले लिया है। सोमवार को पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने पाकिस्तानी टीम को भारत से मैच खेलने की सहमति दे दी है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी 2026 को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप का ग्रुप मुकाबला खेला जाएगा।
बता दें पाकिस्तान सरकार ने कुछ दिन पहले कहा था कि उसकी राष्ट्रीय टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। पाकिस्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट के समर्थन में यह निर्णय लिया था। हालांकि इसके बाद आईसीसी ने पीसीबी को पुन: विचार करने कहा। पाकिस्तान के बहिस्कार के बाद भी शेड्यूल नहीं बदला गया। आखिरकार रविवार को पीसीबी व आईसीसी के बीच बैठक हुई और इसका सकारात्मक नतीजा निकला। सोमवार को पाकिस्तान सरकार ने इसकी अधिकारिक घोषणा कर दी।
पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पीसीबी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों के नतीजों पर भी चर्चा की गई। सरकारी बयान में बताया गया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों की समीक्षा की गई। इन अनुरोधों को श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अन्य सदस्य देशों का भी समर्थन प्राप्त था। इन देशों ने पाकिस्तान से मौजूदा गतिरोध को खत्म करने के लिए नेतृत्वकारी भूमिका निभाने की अपील की थी।
इसी बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच टेलीफोन पर बातचीत भी हुई। दोनों नेताओं ने याद किया कि मुश्किल समय में पाकिस्तान और श्रीलंका हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने मौजूदा विवाद को सौहार्दपूर्ण और खेल भावना के तहत सुलझाने का आग्रह किया। सभी बातों पर गौर करते हुए पाकिस्तान सरकार ने आखिरकार निर्देश दिया कि राष्ट्रीय टीम 15 फरवरी 2026 को होने वाले भारत-पाकिस्तान ग्रुप मुकाबले में हिस्सा लेगी।
The post T20 WC 2026: पाकिस्तान का यू-टर्न, भारत के खिलाफ खेलेगा ग्रुप मैच… शहबाज सरकार का ऐलान appeared first on ShreeKanchanpath.


