भिलाई। रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या के प्रयास करने वाले युवक को डायल 112 की टीम ने बचाया। त्वरित सूचना के बाद रिकार्ड समय में मौके पर पहुंचकर डायल 112 की टीम ने युवक को बचाया। इस दौरान आरक्षक को चोट भी आई। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी विजय अग्रवाल द्वारा आरक्षक और चालक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बता दें 27 दिसंबर को डायल-112 में दोपहर लगभग 3:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि धमधा नाका रेलवे ट्रैक पर एक युवक आत्महत्या की नीयत से ट्रैक पर लेटा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन में ऑन ड्यूटी आरक्षक रमेश जायसवाल, बैच क्रमांक 952 एवं चालक लाखेश्वर द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मौके पर उपस्थित आम नागरिकों की सहायता से युवक को तत्काल रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटाया गया। रेस्क्यू के दौरान आरक्षक रमेश जायसवाल को कमर एवं पैर में चोट आई, जिनका प्राथमिक उपचार कराते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया। युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उक्त सराहनीय, साहसिक एवं मानवीय कार्य के लिए आरक्षक रमेश जायसवाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
The post आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को डायल-112 स्टाफ ने बचाया, एसएसपी ने किया सम्मानित appeared first on ShreeKanchanpath.



