भिलाई। विदेश की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में MBA प्रवेश एवं पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर 19 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक को विदेश भेजने एवं नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर रुपए ले लिए और उसके बाद टालमटोल करते रहे। बाद में कनाडा सिटीजनशिप और विजिटर वीजा का भी प्रलोभन दिया गया। आवेदक को किर्गिस्तान भेजे जाने के बाद भी नौकरी नहीं दिलाई गई। इस पूरे मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने महिला सहित तीन आरापियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-01, सड़क नं.-08, क्वा. नं.-11/डी, वार्ड नं.-38, निवासी सुमित अरमरकर इस मामले में चौकी स्मृतिनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी श्रीमती स्वाती अग्रवाल गुप्ता एवं उनके पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा द्वारा आवेदक को विदेश में MBA की पढ़ाई कराने तथा पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया गया।
आरोपियों द्वारा यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया एवं कनाडा की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में MBA में प्रवेश दिलाने तथा विदेश में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया गया। आरोपियों के बताए बैंक खातों में आवेदक द्वारा अलग-अलग किस्तों एवं चेक के माध्यम से कुल 19,00,000 रुपए जमा किया गया। राशि प्राप्त करने के बाद आरोपियों द्वारा विदेश भेजने एवं नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन देकर टालमटोल करते रहे। बाद में कनाडा की सिटीजनशिप एवं नौकरी दिलाने तथा विजिटर वीजा के माध्यम से विदेश भेजने का प्रलोभन देकर भी राशि प्राप्त की गई। आवेदक को किर्गिस्तान भेजे जाने के बाद भी नौकरी नहीं दिलाई गई, जिसके कारण वह भारत वापस आ गया।
राशि वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा 2,00,000 लाख राशि के तीन चेक दिए गए, जिन्हें बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गए। आवेदक की रिपोर्ट पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1375/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम द्वारा आरोपी गगन गुप्ता, जसविंदर सिंह डिगवा व स्वाती अग्रवाल गुप्ता को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध करना स्वीकार किया गया। आरोपियों का पूर्व आपराधिक प्रकरण नहीं पाए जाने से प्रकरण में धारा 35(1) BNSS के प्रावधानों का पालन करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर प्रभारी एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि विदेश में शिक्षा, नौकरी, वीजा अथवा अन्य सेवाएं दिलाने वाली किसी भी कंसल्टेंसी को राशि देने से पूर्व उसकी वैधता, संबंधित संस्थान की मान्यता एवं दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
The post विदेश में MBA और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 लाख की ठगी, महिला सहित तीन गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.


