भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में चार दिन पहले पेप्सी कंपनी के मैनेजर व उसके साथियों के साथ पर हुए हमले के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में स्टेशन मरोदा निवासी सूरज गुप्ता, वृंदा नगर कैंप-1 निवासी योगेश गुप्ता व तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट, चाकू, डंडा एवं स्कूटी वाहन जब्त किया गया है।
दरअसल इस मामले में 25 जनवरी को कैम्प-1 निवासी रवि रंजन ने वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह पेप्सी कंपनी भिलाई के डिस्ट्रीब्यूटर अंकित यादव के सुंदरनगर स्थित गोदाम में अपने साथियों के साथ बैठा था। उसी परिसर में स्थित सेलिब्रेशन प्वाइंट रिसोर्ट में आयोजित पार्टी के दौरान रात्रि लगभग 9:15 बजे कुछ युवक परिसर के बाहर आपस में झगड़ा एवं गाली-गलौज कर रहे थे।
प्रार्थी एवं उसके साथियों द्वारा रिसोर्ट संचालक से संपर्क कर परिसर की बाहरी लाइट बंद करवाई गई, जिस पर उक्त युवक आक्रोशित होकर गाली-गलौज करने लगे तथा जान से मारने की धमकी देते हुए डंडा, चाकू एवं पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान बाहर खड़ी बोलेरो पिकअप वाहन का कांच, बुलेट मोटरसाइकिल का वाइजर तथा बिजली मीटर को भी तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशालीनगर में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4), 109, 190, 191(2), 191(3), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना उपरांत आरोपी फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन कर आरोपियों की पहचान की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज गुप्ता, योगेश गुप्ता सहित कुल 05 आरोपियों (03 अपचारी बालक) को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन जब्त कर न्यायिक रिमांड की कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी वैशालीनगर निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, एएसआई धर्मेन्द्र देवांगन, प्रधान आरक्षक संतोष शर्मा, आरक्षक कपिल चौधरी एवं रवि कुमार का विशेष योगदान रहा।
The post Bhilai : पेप्सी कंपनी के मैनेजर व उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.




