जांजगीर चांपा। धान खरीदी के बीच राइस मिलों में कस्टम मिलिंग को लेकर लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही है। इसी कड़ी में जांजगीर चांपा जिले के ग्राम नेगुडीह स्थित श्री हरि राइस मिल में खाद्य विभाग की टीम ने छापामारी की। इस दौरान धान की रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई। मिल से 56 हजार 417 बोरी धान, जिसका कुल वजन 22 हजार 566 क्विंटल है और जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सारा धान विभाग ने जब्त कर लिया है।
दरअसल यह कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन पर की गई है। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि कलेक्टर जनमेजय महोबे के निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। छापामारी के समय राइस मिल के प्रोपराइटर झामलाल साहू भी मौके पर मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान मिल के रिकॉर्ड रखने के तरीके में गंभीर गड़बड़ियां और मिल के संचालन में अनियमितताएं पाई गईं। जांच के बाद, मिलर से कुल 56 हजार 417 बोरी धान जब्त किया गया, जिसका वजन 22,566.80 क्विंटल था और जिसकी अनुमानित कीमत 7 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार, जिले भर में कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नियमित सत्यापन जांच के साथ-साथ अचानक छापामार कार्रवाई भी की जा रही है। यह सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में अवैध धान को सरकारी समिति में धान खरीदी के दौरान खपाया न जा सके। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए राजस्व, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभागों की संयुक्त उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त कर रही है। जो भी नियम विरुद्ध पाया जा रहा है, उस पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
The post जांजगीर-चांपा के राइसमिल में गड़बड़ी, खाद्य विभाग की रेड में 7 करोड़ का धान जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.


