Blog

पीएम आवास योजना-ग्रामीण को समयबद्ध गति देने जिले में हर माह 7 तारीख को होगा ‘आवास दिवस’

एमसीबी जिले में हर माह 7 तारीख को होगा “आवास दिवस” जनजागरूकता से लेकर त्वरित समाधान तक पर रहेगा विशेष फोकस मनेंद्रगढ़द-चिरमिरीद-भरतपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि अब जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर माह की 7 तारीख को चावल महोत्सव एवं महात्मा गांधी नरेगा के रोजगार दिवस के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के “आवास दिवस” का अनिवार्य आयोजन किया जाएगा।

इस विशेष दिवस के माध्यम से न केवल हितग्राहियों को योजना की जानकारी दी जाएगी, बल्कि निर्माण में आ रही बाधाओं का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। आवास दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों में स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा तथा स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। जिन हितग्राहियों ने 90 दिवस के भीतर या अत्यंत शीघ्रता से अपने आवास निर्माण कार्य पूर्ण किए हैं, उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा, ताकि अन्य हितग्राहियों को भी प्रेरणा मिल सके। साथ ही जिन हितग्राहियों की किश्तें प्रगति के बावजूद लंबित हैं या केवाईसी की प्रक्रिया अधूरी है, उनका त्वरित केवाईसी पूर्ण कर सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से लंबित राशि उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इस दौरान महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत 90 दिवस की अकुशल मजदूरी राशि के भुगतान की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि हितग्राहियों को उनका समुचित लाभ मिल सके। आवास निर्माण में स्थानीय परिस्थितिजन्य बाधाएं, तकनीकी समस्याएं अथवा अन्य किसी प्रकार की कठिनाइयों का प्रत्येक माह 7 तारीख तक समाधान कर हितग्राहियों को अवगत कराया जाएगा, जिसकी सतत समीक्षा जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी करेंगे। जिन आवासों में निर्माण सामग्री, राजमिस्त्री या सेंटरिंग प्लेट जैसी आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण विलंब हो रहा है, वहां स्वयं सहायता समूहों सहित सभी भागीदारों के साथ सामूहिक चर्चा कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा योजना की मार्गदर्शिका के अनुरूप “सामग्री बैंक” की स्थापना पर भी बल दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त पीएम जनमन योजना के हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने हेतु विशेष रूप से प्रेरित किया जाएगा। आवास दिवस के अवसर पर पंचायत पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रावधानों, अन्य विभागों के साथ अभिसरण की संभावनाओं तथा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु टोल फ्री नंबर 1800-233-1290 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि ग्रामीणजन सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें। जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि उपरोक्त सभी बिंदुओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में हर पात्र परिवार का सपना साकार हो और सभी को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके।

The post पीएम आवास योजना-ग्रामीण को समयबद्ध गति देने जिले में हर माह 7 तारीख को होगा ‘आवास दिवस’ appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button